देश की खबरें | दिल्ली: पति की हत्या के आरोप में महिला, उसका मित्र गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में झगड़े के बाद अपने पति की कथित तौर पर हत्या करने के लिए 43 वर्षीय महिला और उसके पुरुष मित्र को गिरफ्तार किया गया है।

नयी दिल्ली, 12 मई दिल्ली में झगड़े के बाद अपने पति की कथित तौर पर हत्या करने के लिए 43 वर्षीय महिला और उसके पुरुष मित्र को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि यह घटना शनिवार को बाहरी दिल्ली के अलीपुर इलाके में हुई। आरोपी संगीता और उसके दोस्त निखिल जॉन उर्फ रिंकू को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना के एक दिन बाद संगीता ने पुलिस को शिकायत दी कि उसका पति फूला रे शनिवार से लापता है। फूला रे सब्जी बेचता था।

संगीता ने सोमवार को पुलिस को बताया कि रे का शव उत्तर-पश्चिम दिल्ली के खामपुर गांव में एक शमशान घाट में मिला है।

पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव पर चोट के निशान देखे। पुलिस उपायुक्त (बाहरी उत्तर) राजीव रंजन सिंह ने बताया, ‘‘ऐसा प्रतीत हो रहा था कि शव दो दिन पुराना है। शव सड़ना शुरू हो गया था।’’

प्रारंभिक जांच में पता चला कि संगीता से मिलने से पहले रे 12 साल तक रेखा नाम की महिला के साथ वैवाहिक संबंध में रहा।

पहली शादी से रे के तीन बच्चे हैं। बाद में दिल्ली आने के बाद रे संगीता के साथ रहने लग गया जो तलाकशुदा थी। दोनों ने 2017 में शादी कर ली।

बाद में पता चला कि रेखा अपने बच्चों के साथ दिल्ली आ गई है और रे ने संगीता को छोड़ दिया।

रेखा ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले संगीता का रे के साथ झगड़ा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और उनके कॉल रिकॉर्ड निकाले।

डीसीपी ने कहा, ‘‘विस्तृत पूछताछ के बाद उसने अपराध कबूल कर लिया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\