देश की खबरें | दिल्ली पुलिस के एएसआई ने आत्महत्या की, अधिकारियों ने अवसाद की आशंका
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस के एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) ने सोमवार सुबह पूर्वी दिल्ली में अपने घर पर अपनी सरकारी पिस्तौल से कथित तौर पर गोली मार कर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 19 मई दिल्ली पुलिस के एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) ने सोमवार सुबह पूर्वी दिल्ली में अपने घर पर अपनी सरकारी पिस्तौल से कथित तौर पर गोली मार कर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों को आशंका है कि वह पिछले दो-तीन वर्ष से अवसाद से पीड़ित थे। एक अधिकारी ने बताया कि उस्मानपुर थाने में तैनात एएसआई ललित सिरोही को लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि सिरोही के परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे 23 वर्षीय बेटा और 15 वर्षीय बेटी है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एएसआई अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ जीडी कॉलोनी के फ्लैट नंबर 21 में किराए पर रह रहे थे।
अधिकारी ने बताया कि सिरोही की पत्नी सुबह बच्चों को स्कूल छोड़ने गई थी और वापस लौटने पर उन्होंने पुलिसकर्मी को घायल अवस्था में खून से लथपथ पाया और पास में एक पिस्तौल भी पड़ी हुई थी।
उन्होंने बताया कि जिस कमरे में घटना हुई, वह बंद था और अब तक उसकी जांच नहीं की गई है।
अधिकारी ने बताया, “माना जा रहा है कि यह सरकारी पिस्तौल है, लेकिन अब तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है।”
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि सिरोही पिछले दो-तीन वर्ष से अवसाद से ग्रस्त थे।
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल की फोरेंसिक जांच के बाद ज्यादा जानकारी सामने आएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)