देश की खबरें | सिग्नेचर ब्रिज पर आत्महत्या रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने विकसित किया तंत्र

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में 154 मीटर ऊंचा सिग्नेचर ब्रिज भले ही बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित कर रहा हो, लेकिन इसका दूसरा पहलू बेहद चिंताजनक है, क्योंकि यहां बड़ी संख्या में आत्महत्या के मामले सामने आए हैं।

नयी दिल्ली, तीन जुलाई दिल्ली में 154 मीटर ऊंचा सिग्नेचर ब्रिज भले ही बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित कर रहा हो, लेकिन इसका दूसरा पहलू बेहद चिंताजनक है, क्योंकि यहां बड़ी संख्या में आत्महत्या के मामले सामने आए हैं।

दिल्ली पुलिस ने लोगों की जिंदगी बचाने की चुनौती को स्वीकार करते हुए एक प्रणाली विकसित की है।

दिल्ली पुलिस ने निजी गोताखोरों की टीम के साथ मिलकर पिछले डेढ़ साल के दौरान इस पुल से यमुना नदी में कूदकर जान देने की कोशिश करने वाले 30 लोगों की जान बचाई है।

सुरक्षाकर्मी ऐसा करने वाले पीड़ितों को सलाह भी देते हैं और उन्हें आत्महत्या जैसा कदम न उठाने के लिए मना लेते हैं।

पुलिस के मुताबिक, ज्यादातर मामलों में महिलाएं वैवाहिक विवादों के चलते पुल से कूदकर जान देने की कोशिश करती हैं।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “यमुना पर बना सिग्नेचर ब्रिज लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय है, जो अपने स्थान और अद्वितीय डिजाइन के कारण दिल्ली-एनसीआर के आगंतुकों को आकर्षित करता है। लेकिन इसका दूसरा पहलू बेहद चिंताजनक है क्योंकि यहां बड़ी संख्या में आत्महत्या के मामले सामने आए हैं।”

पुलिस अधिकारी ने कहा, “सिग्नेचर ब्रिज पर 24 घंटे तैनात निजी गोताखोरों और तिमारपुर पुलिस थाने के कर्मियों की मदद से कई लोगों की जान बचाई गई है।”

इसी तरह, यमुना के पास एक और पुल जिसे ओल्ड वजीराबाद ब्रिज के नाम से जाना जाता है, जहां लोग आमतौर पर सूरघाट में पर्व के मौके पर पवित्र डुबकी लगाने आते हैं। वहां भी आत्महत्या की कई घटनाओं की सूचना मिली है।

तिमारपुर के थाना प्रभारी त्रिभुवन नेगी के मुताबिक चूंकि पुल का रखरखाव दिल्ली पर्यटन विभाग द्वारा किया जाता है, इसलिए उन्हें किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इसके दोनों ओर जालीदार दीवारें खड़ी करने के लिए कई पत्र लिखे गए हैं, लेकिन जब दिल्ली पर्यटन विभाग की ओर से कुछ नहीं किया गया तो पुलिस ने ही मोर्चा संभालते हुए एक तंत्र विकसित किया है, जिसके तहत आत्महत्याओं की घटनाओं को रोकने की कोशिश की जाती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now