कोविड-19 महामारी के बीच दिल्ली पुलिस प्रमुख ने ‘रोजनामचा’ ऑनलाइन भेजने पर दिया जोर
रोजनामचे में पुलिस थाने में दर्ज मामलों, मिलने वाली शिकायतों और थाने के कर्मियों द्वारा गिरफ्तार किये गए लोगों का विवरण होता है। पुलिस थाने का प्रभारी (एसएचओ) इसे हर सुबह संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) को भेजता है।
नयी दिल्ली, 15 मई कोरोना वायरस महामारी के बीच दिल्ली के पुलिस आयुक्त एस एन श्रीवास्तव ने कागज बचाने के लिये रोजनामचा ऑनलाइन भेजे जाने और डिजिटल तकनीक अपनाने पर जोर दिया है।
रोजनामचे में पुलिस थाने में दर्ज मामलों, मिलने वाली शिकायतों और थाने के कर्मियों द्वारा गिरफ्तार किये गए लोगों का विवरण होता है। पुलिस थाने का प्रभारी (एसएचओ) इसे हर सुबह संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) को भेजता है।
एसीपी इसे अपने जिले के पुलिस उपायुक्त को भेजता है जो इसे अपने पुलिस रेंज के संबंधित संयुक्त आयुक्त को आगे भेजते हैं।
श्रीवास्तव के तरफ से दिये गए आदेश में कहा गया, “रोजनामचा क्योंकि ऑनलाइन प्राप्त किया जा रहा है ऐसे में विशेष कारणों को छोड़कर, इनका प्रिंट न निकाला जाए। सभी रोजनामचा ऑनलाइन देखकर आवश्यक कार्रवाई कर सकते हैं। हम नई तकनीक को अपनाकर कागज बचा सकते हैं। सभी संबंधित लोगों को इसी के अनुरूप जानकारी दी जाए।”
इस आदेश पर बृहस्पतिवार को हस्ताक्षर किये गए थे और यह पुलिस के सभी विशेष आयुक्तों और संयुक्त पुलिस आयुक्तों को प्रेषित था। कोरोना वायरस के मद्देनजर वरिष्ठों को रोजनामचा ऑनलाइन भेजा जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि रोजनामचा को कागजरहित बनाना डिजिटाइजेशन की दिशा में एक और कदम है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)