देश की खबरें | दिल्ली पुलिस ने केजरीवाल के घर के बाहर तोड़फोड़ के मामले में भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या से जांच में शामिल होने को कहा

नयी दिल्ली, 26 अप्रैल दिल्ली पुलिस ने लोकसभा सदस्य तेजस्वी सूर्या से यहां मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर कथित तोड़फोड़ के मामले में जांच में शामिल होने को कहा है।

अधिकारियों के अनुसार सूर्या से लिखित संदेश के माध्यम से जांच में शामिल होने को कहा गया है। अधिकारियों के अनुसार भाजपा सांसद ने सहयोग देने का आश्वासन दिया है और कहा कि वह जांच में शामिल होंगे।

पुलिस ने कहा कि उक्त घटना के सिलसिले में दिल्ली से आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि इन आठ लोगों के साथ कुल 26 लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की गयी है। तकनीकी सूत्रों के माध्यम से उनकी पहचान की गयी।

फिल्म ‘द कश्मीर फाइल’ फिल्म को लेकर केजरीवाल के बयान के खिलाफ भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने 30 मार्च को उनके घर के बाहर कथित तौर पर तोड़फोड़ की थी।

पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया था कि भाजपा पंजाब चुनाव में हार के बाद केजरीवाल की ‘हत्या कराना’ चाहती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)