देश की खबरें | दिल्ली के उपराज्यपाल ने 'हिट एंड रन' मामले में शामिल अधिकारी के निलंबन की सिफारिश की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने उपायुक्त (आबकारी) के पद पर तैनात एक दानिक्स अधिकारी को निलंबित करने की सिफारिश की है, जो कथित तौर पर शराब के नशे में ‘हिट एंड रन’ दुर्घटना में शामिल था।
नयी दिल्ली, पांच अगस्त दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने उपायुक्त (आबकारी) के पद पर तैनात एक दानिक्स अधिकारी को निलंबित करने की सिफारिश की है, जो कथित तौर पर शराब के नशे में ‘हिट एंड रन’ दुर्घटना में शामिल था।
अधिकारियों के अनुसार, रमेश चंद्र मीणा कथित तौर पर नशे की हालत में अपनी कार चला रहा था और उसने एक मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी तथा उसे दो किलोमीटर तक घसीटता रहा, जिसके बाद दोनों वाहनों में आग लग गई।
उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल सवार को मामूली चोटें आईं हैं।
इस संबंध में मामला पहले ही दर्ज किया जा चुका है और राम मनोहर लोहिया अस्पताल द्वारा चार अगस्त को जारी मेडिको लीगल केस (एमएलसी) शीट में भी मीणा द्वारा शराब पीने की पुष्टि हुई है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘सतर्कता निदेशालय ने प्रस्ताव दिया कि दिल्ली, अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह सिविल सेवा (दानिक्स) का उपरोक्त कृत्य गंभीर कदाचार और सरकारी कर्मचारी के प्रति अनुचित आचरण का मामला है और सक्षम प्राधिकारी अधिकारी को निलंबित करने के संबंध में विचार कर सकते हैं ताकि सीसीएस आचरण नियमों के अनुसार दानिक्स के रमेश चंद्र मीणा के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू की जा सके।’’
उन्होंने कहा, ‘‘तदनुसार, उपराज्यपाल ने मीणा के निलंबन की सिफारिश गृह मंत्रालय से की, जो वर्तमान मामले में सक्षम प्राधिकारी है। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)