नयी दिल्ली, एक सितम्बर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को अगले दौर का सीरो-प्रीविलेंस सर्वे शुरू किया गया। कोविड-19 स्थिति का ‘‘सूक्ष्म स्तर’’ पर विश्लेषण करने के लिए इसके तहत सभी 272 नगर निगम वार्ड को शामिल किया जाएगा।
जैन ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि यह प्रक्रिया सात दिन चलेगी और इस बार 17,000 प्रतिनिधि नमूने एकत्रित किए जाएंगे।
यह भी पढ़े | Maharashtra COVID-19 Update: महाराष्ट्र में कोरोना के 15,765 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 8 लाख के पार.
इससे पहले एक अगस्त से सात अगस्त के बीच किए गए सर्वे में पाया गया था कि राष्ट्रीय राजधानी में सर्वेक्षण में शामिल किये गए लोगों में से 29.1 प्रतिशत लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ ‘एंटीबॉडी’ विकसित हो गए हैं।
जैन ने कहा, ‘‘आज नए सिरे से सीरो-प्रीविलेंस सर्वे शुरू किया गया। इस बार यह वार्ड-वार होगा और दिल्ली में सभी 272 वार्ड को इसमें शामिल किया जाएगा, साथ ही दो विधानसभा इलाकों को भी शामिल किया जाएगा। एक सप्ताह तक नमूने लिए जाएंगे। इसके नतीजे सात से 10 दिन में आएंगे।’’
मंत्री ने कहा कि इससे पहले जिला वार सर्वे किया गया था। लेकिन इस बार शहर में कोविड-19 की स्थिति का ‘‘सूक्ष्म स्तर’’ पर विश्लेषण करने के लिए वार्ड वार आधार पर सर्वे किया जाएगा।
अगस्त के सर्वेक्षण के परिणामों की घोषणा करते हुए, जैन ने कहा था कि 11 जिलों से 15,000 प्रतिनिधि नमूने लिए गए थे। उन्होंने यह भी कहा था कि पुरुषों में एंटीबॉडी की प्रीवलेंस 28.3 प्रतिशत और महिलाओं में यह 32.2 प्रतिशत है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के निधन पर कहा, ‘‘उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।’
अप्रैल-जून में देश की अर्थव्यवस्था में रिकॉर्ड 23.9 प्रतिशत की गिरावट पर टिप्पणी के लिए कहे जाने पर जैन ने कहा कि केंद्र को कारणों का आकलन करना चाहिए और ‘‘इसके लिए सिर्फ कोविड-19 को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।’’
मंत्री ने कहा, ‘‘अर्थव्यवस्था बहुत खराब स्थिति में है। शायद यह देश के इतिहास में सबसे बड़ी गिरावट है।’’
राष्ट्रीय राजधानी में पिछले कुछ दिनों के दौरान कोविड-19 के प्रतिदिन के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है।
दिल्ली में मंगलवार को कोविड-19 के 2,312 नये मामले सामने आये जो कि करीब दो महीने में यहां एक दिन में सामने आने वाली सबसे अधिक संख्या है। इससे यहां संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1.77 लाख से अधिक हो गई जबकि मृतक संख्या बढ़कर 4462 हो गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY