नयी दिल्ली, आठ मार्च भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को कहा कि दिल्ली मंत्रिमंडल ने महिला समृद्धि योजना के क्रियान्वयन के लिए 5,100 करोड़ रुपये के आवंटन को मंजूरी दी है जिसके तहत राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये मिलेंगे।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यहां आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नड्डा ने दिल्ली की महिलाओं को बधाई दी और कहा कि यह योजना तुरंत शुरू की जाएगी।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस योजना के शुरू होने से अब दिल्ली में महिला सशक्तीकरण का काम शुरू हो गया है।
इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
नड्डा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चुनावी सफलता में महिलाओं की भूमिका को स्वीकार करते हुए कहा, ‘‘महिलाओं के समर्थन के बिना राष्ट्रीय राजधानी में जीत संभव नहीं होती।’’
पिछले महीने दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये देने का वादा किया था, जो आम आदमी पार्टी (आप) की 2,100 रुपये की पेशकश से अधिक था।
भाजपा की रणनीति सफल रही और उसने 70 में से 48 सीट जीतीं तथा 26 साल से अधिक के अंतराल के बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY