खेल की खबरें | दीक्षा को दूसरा स्वर्ण, मणिपुर और नगालैंड पेनसैक सिलाट में चमके
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र की दीक्षा यादव ने खेलो इंडिया बीच खेल (केआईबीजी) 2025 में बृहस्पतिवार को यहां ‘ओपन सी तैराकी’ में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीता।
दीव, 22 मई महाराष्ट्र की दीक्षा यादव ने खेलो इंडिया बीच खेल (केआईबीजी) 2025 में बृहस्पतिवार को यहां ‘ओपन सी तैराकी’ में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीता।
बुधवार को 10 किमी का खिताब जीतने वाली 19 साल की दीक्षा ने सुबह के सत्र में घोघला बीच पर पांच किमी वर्ग में बाजी मारी। दीक्षा ने एक घंटा 10 मिनट 12 सेकेंड का समय लिया। महाराष्ट्र टीम की दीक्षा की साथी पूर्वा गवाडे एक घंटा 10 मिनट 25 सेकेंड के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।
कर्नाटक की असरा सुधीर ने एक घंटा 10 मिनट 29 सेकेंड के समय से तीसरा स्थान हासिल किया।
पुरुषों के वर्ग में कर्नाटक के द्रुपद रामकृष्ण ने एक घंटा छह मिनट 46 सेकेंड के समय से खिताब अपने नाम किया।
पेनसैक सिलाट में 46 में से 28 स्वर्ण दांव पर लगे हैं जिससे इंडोनेशिया का यह मार्शल आर्ट खेलों का आकर्षण बना हुआ है।
बृहस्पतिवार को मेजबान दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव (डीएनएचडीडी) तथा मणिपुर ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए चार-चार स्वर्ण पदक जीते।
डीएनएचडीडी के लिए प्रसन्ना बेंद्रे ने पुरुष अंडर 45 किग्रा वर्ग में उत्तर प्रदेश के प्रशांत को 45-8 से हराकर अपना दूसरा व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता।
मणिपुर की डॉली लेसांगथेम और थोनाजाम रीटा चानू ने क्रमश: सीनियर महिला अंडर-45 और 45-50 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीते।
नगालैंड ने भी इस प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीते।
सजाद अहमद बेग ने पुरुष 55-60 किग्रा फाइनल में ओडिशा के सोहित गुरुंग को 9-0 से हराकर जम्मू-कश्मीर का स्वर्ण पदक का खाता खोला।
हरियाणा की पुरुष युगल टीम ने गोवा को 2-0 से हराकर सेपक टकरा में राज्य के लिए दूसरा स्वर्ण पदक जीता।
लड़कियों के युगल फाइनल में केरल ने ओडिशा को 2-0 (15-4 15-9) से शिकस्त दी जबकि दिल्ली की टीम ने कांस्य पदक जीता। दिल्ली पुरुष तिकड़ी ने टीम स्पर्धा का स्वर्ण जीता था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)