देश की खबरें | डीसीडब्ल्यू ने आश्रय गृह में नाबालिग के यौन हमला करने के मामले में पुलिस को नोटिस जारी किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने राष्ट्रीय राजधानी के एक आश्रय गृह में नाबालिग लड़के पर हुए कथित यौन हमले के मामले में पुलिस को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, तीन सितंबर दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने राष्ट्रीय राजधानी के एक आश्रय गृह में नाबालिग लड़के पर हुए कथित यौन हमले के मामले में पुलिस को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
आयोग ने कहा कि शनिवार को उसके हेल्पलाइन नंबर 181 पर घटना से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई।
डीसीडब्ल्यू ने कहा, ‘‘ उसे जानकारी मिली कि मां की मौत होने और पिता द्वारा दूसरी शादी किए जाने के बाद पीड़ित गत कुछ साल से आश्रय गृह में रह रहा है। उसने सूचित किया कि 31 अगस्त की शाम को जब वह शौचालय गया तब आश्रय गृह में ही रहने वाले उससे अधिक उम्र के एक लड़के ने उसपर यौन हमला किया।’’
आयोग ने कहा,‘‘लड़के ने बताया कि उसने घटना की जानकारी आश्रय गृह के प्रबंधक को दी लेकिन उक्त घटना पर उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की।’’
डीसीडब्ल्यू ने पुलिस से मामले में दर्ज प्राथमिकी की प्रति के साथ गिरफ्तारी की विस्तृत जानकारी मांगी है। आयोग ने पुलिस से पूछा है कि सक्षम प्राधिकारी को घटना की जानकारी नहीं देने पर क्या आश्रय गृह के प्रबंधक और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण करने संबंधी अधिनियम (पॉक्सो) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है?
डीसीडब्ल्यू ने इसके साथ ही पुलिस से यह भी जानना चाहा कि क्या आश्रय गृह में पहले भी कोई घटना हुई है और अगर हां तो कार्रवाई रिपोर्ट जमा की जाए।
आयोग ने कहा कि दिल्ली पुलिस को छह सितंबर तक कार्रवाई रिपोर्ट डीसीडब्ल्यू में जमा करनी चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)