देश की खबरें | झारखंड के धनबाद में ग्राम प्रधान की बेटी से शादी करने पर दलित परिवार को ‘बहिष्कृत’ किया गया

रांची, 23 अगस्त झारखंड के धनबाद जिले में एक दलित परिवार के बेटे के ग्राम प्रधान की बेटी से शादी करने के बाद उसके परिवार को कथित तौर पर समाज से बहिष्कृत कर दिया गया है। पुलिस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

परिवार के सदस्यों ने दावा किया कि नवविवाहित जोड़े ने अपनी जान बचाने के लिए गांव छोड़ दिया है, जबकि दूल्हे के माता-पिता को कथित तौर पर ग्रामीणों ने सार्वजनिक पानी की टंकी से पीने का पानी लेने और तालाब में स्नान करने से रोक दिया है ।

लड़के के माता-पिता का आरोप है कि स्थानीय दुकानदार भी उन्हें खाद्य सामग्री नहीं बेच रहे हैं ।

पुलिस ने बताया कि यह घटना राजधानी रांची से करीब 200 किलोमीटर दूर बरोरा पुलिस थाने के दरिदा पंचायत के एक गांव में हुई।

बरोरा थाना प्रभारी नंदू पाल ने कहा कि उन्हें दुल्हे के पिता महेंद्र कालिंदी से ग्रामीणों द्वारा उनके परिवार का सामाजिक बहिष्कार किए जाने की शिकायत मिली है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम मामले की जांच कर रहे हैं। शिकायत सही पाये जाने पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी क्योंकि किसी को भी उसके मौलिक अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता है।’’

यह सब तब शुरू हुआ जब दलित परिवार से ताल्लुक रखने वाले करन कालिंदी ने दरीदा पंचायत की मुखिया पार्वती देवी की बेटी से विवाह किया। दोनों ने पिछले बृहस्पतिवार को धनबाद के महिला पुलिस थाने पहुंच कर अपने परिजनों से पुलिस सुरक्षा की मांग की ।

पुलिस ने उनके परिजनों को बातचीत के लिये बुलाया तो उन्होंने दोनों के विवाह को स्वीकार कर लिया।

लड़के की मां सुमित्रा देवी ने आरोप लगाया, ‘‘जब हम अपने गांव वापस लौटे, तो स्थानीय लोगों ने हमारा सामाजिक बहिष्कार शुरू कर दिया। ग्रामीण हमारे घर आये और नव विवाहित जोड़े के वापस गांव आने पर परिणाम भुगतने की धमकी दी। उन्होंने हमें पीने का पानी लेने, तालाब में नहाने और स्थानीय दुकानों से खाद्य सामग्री लेने से भी रोक दिया ।

दुल्हे के परिजनों ने रविवार को सामाजिक तौर पर बहिष्कृत किये जाने संबंधी एक शिकायत पुलिस को दी ।

पार्वती देवी ने हालांकि लड़के के परिवार को बहिष्कृत किये जाने के आरोप को खारिज कर दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)