मुंबई, सात अगस्त कृषि समाधान प्रदाता कोरोमंडल इंटरनेशनल की अनुषंगी कंपनी और ड्रोन विनिर्माता दक्ष अनमैन्ड सिस्टम्स को भारतीय सेना से 200 मध्यम ऊंचाई वाले लॉजिस्टिक्स ड्रोन और सहायक उपकरणों की आपूर्ति का ऑर्डर मिला है। कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
दक्ष अनमैन्ड (मानवरहित) सिस्टम्स (डीयूएस) ने बयान में कहा, यह ऑर्डर इफको से 400 कृषि-छिड़काव वाले ड्रोन की आपूर्ति के हालिया अनुबंध के बाद आया है।
कंपनी ने कहा कि इन दोनों ऑर्डर को अगले 12 माह में पूरा करने की योजना है। साथ ही कंपनी के पास मजबूत ऑर्डर पाइपलाइन में भी है, जिससे चालू वर्ष के लिए संभावित राजस्व में और वृद्धि होगी।
दक्ष अनमैन्ड सिस्टम्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रामनाथन नारायणन ने कहा कि कंपनी को भारतीय सेना ने अपने लॉजिस्टिक ड्रोन की आपूर्ति के लिए चुना गया है। यह एक बड़ा मील का पत्थर है।
उन्होंने कहा, "हम ड्रोन निर्माण के लिए नवीनतम तकनीकों का निर्माण करने और रक्षा क्षेत्र के साथ-साथ देश के कृषक समुदाय की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
डीयूएस ने कहा कि उसका अन्ना विश्वविद्यालय के साथ प्रौद्योगिकी सहयोग है। कंपनी ने दावा किया कि वह कृषि और निगरानी अनुप्रयोगों के लिए मध्यम और लघु श्रेणियों में तीन ड्रोन मॉडल के लिए डीजीसीए से टाइप प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाली देश की एकमात्र कंपनी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY