देश की खबरें | हैदराबाद हवाई अड्डे पर सीमाशुल्क अधिकारियो ने 4.86 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को अलग-अलग मामलों में चार यात्रियों के पास से 4.86 करोड़ रुपये मूल्य का कुल आठ किलोग्राम सोना जब्त होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। हैदराबाद सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
हैदराबाद, 12 अगस्त हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को अलग-अलग मामलों में चार यात्रियों के पास से 4.86 करोड़ रुपये मूल्य का कुल आठ किलोग्राम सोना जब्त होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। हैदराबाद सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सीमा शुल्क विभाग की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि पहले मामले में, 1.21 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की दो किलोग्राम कटी हुई सोने की छड़ें बैंकॉक से आए एक यात्री के पैंट में छिपाई हुई पाई गईं।
विज्ञप्ति में कहा गया है, “4.86 करोड़ रुपये मूल्य का कुल आठ किलोग्राम सोना जब्त किया गया और सभी चार आरोपियों को सीमा शुल्क अधिनियम के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया। चारों मामलों में जांच जारी है।”
विज्ञप्ति के मुताबिक, दूसरे मामले में भी उसी विमान के एक यात्री के कपड़ों में छिपाई गई 1.78 किलोग्राम कटी हुई सोने की छड़ें बरामद की गईं, जिनकी कीमत 1.09 करोड़ रुपये आंकी गई है।
विज्ञप्ति के अनुसार, तीसरे मामले में शारजाह से आए एक यात्री के पास से लेप के रूप में 2.17 किलोग्राम सोना जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.32 करोड़ रुपये है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि चौथे मामले में दुबई से आए एक यात्री के पास से 1.245 करोड़ रुपये मूल्य का 2.05 किलोग्राम सोना जब्त किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)