देश की खबरें | राष्ट्रपति भवन में दक्षिण भारत पर केंद्रित सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन छह से नौ मार्च तक
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विभिन्न क्षेत्रों की अनूठी परंपराओं को प्रदर्शित करते हुए भारत की विविधता की विरासत का जश्न मनाने वाला वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव छह से नौ मार्च तक राष्ट्रपति भवन परिसर में आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, पांच मार्च विभिन्न क्षेत्रों की अनूठी परंपराओं को प्रदर्शित करते हुए भारत की विविधता की विरासत का जश्न मनाने वाला वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव छह से नौ मार्च तक राष्ट्रपति भवन परिसर में आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय के मुताबिक, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पांच मार्च को ‘विविधता का अमृत महोत्सव’ का उद्घाटन करेंगी और इस साल यह उत्सव दक्षिण भारत पर केंद्रित है। उसने बताया कि आम जनता छह से नौ मार्च तक रोजाना सुबह 10 बजे से रात आठ बजे के बीच इस उत्सव का आनंद ले सकेगी।
अधिकारियों के अनुसार, 500 से अधिक कारीगरों और बुनकरों द्वारा प्रदर्शित पारंपरिक हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पाद उत्सव का मुख्य आकर्षण होंगे, जिनमें कांजीवरम, कसावु, पोचमपल्ली इकत और मैसूर सिल्क साड़ियों के अलावा पीतल एवं लकड़ी के शिल्प शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि उत्सव में 400 से अधिक कलाकार लोक नृत्य एवं शास्त्रीय संगीत प्रस्तुतियां देंगे, जिससे दक्षिण भारत की सांस्कृतिक छटा जीवंत हो उठेगी।
अधिकारियों के अनुसार, उत्सव में आने वाले लोग बिसी बेले भात, केरल साध्या और मशरूम चेट्टीनाड सहित अन्य दक्षिण भारतीय व्यंजनों का लुत्फ उठा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इस उत्सव का पहला संस्करण पिछले साल आयोजित किया गया था और यह पूर्वोत्तर भारत पर केंद्रित था, जिसमें 1.3 लाख से अधिक लोग पहुंचे थे तथा एक करोड़ रुपये से ज्यादा के उत्पाद बिके थे।
अधिकारियों ने बताया कि इस साल उत्सव में प्रवेश राष्ट्रपति भवन के गेट संख्या 35 से होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)