देश की खबरें | सीआरपीएफ जवान की पत्नी पाकिस्तान वापस भेजे जाने के लिए जम्मू से वाघा रवाना

जम्मू, 29 अप्रैल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान की पाकिस्तानी पत्नी को वापस पाकिस्तान भेजने के लिए जम्मू से वाघा सीमा के लिए रवाना कर दिया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, मीनल खान अपने पति और कश्मीर के घरोटा निवासी सीआरपीएफ जवान मुनीर खान के साथ जम्मू से पंजाब स्थित वाघा सीमा के लिए रवाना हुई। उन्होंने बताया कि मीनल और मुनीर की दोस्ती सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी और बाद में दोनों ने एक-दूसरे से शादी रचा ली थी।

वाघा सीमा के लिए रवाना होते समय मीनल ने भारत सरकार से देश में ब्याहे पाकिस्तानी नागरिकों को उनके बच्चों से जुदा न करने की अपील की।

मीनल ने कहा, “हमें अपने परिवार के साथ रहने की इजाजत दी जानी चाहिए।” उसने यह भी कहा, “हम (पहलगाम) हमले में निर्दोष लोगों की बर्बर हत्या की निंदा करते हैं। उन्हें (हमलावरों को) कड़ी सजा मिलनी चाहिए।”

भारत ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में लोकप्रिय पर्यटन स्थल बैसरन में हुए आतंकवादी हमले के बाद कुछ विशिष्ट श्रेणियों को छोड़कर, पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी वीजा को रद्द कर दिया था।

पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)