जरुरी जानकारी | आईजीबीसी नियमों के तहत 55 हरित परियोजनाओं का विकास कर रहे हैं क्रेडाई के सदस्य

नयी दिल्ली, पांच जून रियल एस्टेट कंपनियों के शीर्ष निकाय क्रेडाई के सदस्य भारतीय हरित भवन परिषद (आईजीबीसी) के नियमों के तहत देशभर में 55 से अधिक हरित परियोजनाओं का विकास कर रहे हैं और उन्होंने ऐसी परियोजनाओं को प्रोत्साहन के लिए रियायती ब्याज दर पर ऋण मांगा है।

कन्फेडरेशन ऑफ रियल एस्टेट डेवलपर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (क्रेडाई) ने अप्रैल में प्रमाणित पर्यावरण-अनुकूल आवास परियोजनाओं के विकास के लिए आईजीबीसी के साथ साझेदारी की घोषणा की थी।

एसोसिएशन ने अगले दो साल में 1,000 हरित-प्रमाणित परियोजनाओं और 2030 तक 4,000 परियोजनाओं के विकास की प्रतिबद्धता जताई है।

क्रेडाई ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सोमवार को जारी बयान में कहा, ‘‘हमारे ‘ग्रीन क्रूसेडर्स’ कार्यक्रम के तहत सदस्यों ने आईजीबीसी के साथ 55 से अधिक हरित परियोजनाएं शुरू की हैं। ये परियोजनाएं कुल 3.2 करोड़ वर्ग फुट की हैं।’’

ये परियोजनाएं वर्ष 2030 तक 4,000 हरित परियोजनाओं को विकसित करने की क्रेडाई की प्रतिबद्धता का हिस्सा हैं।

क्रेडाई के राष्ट्रीय अध्यक्ष बोमन ईरानी ने कहा, ‘‘हम आक्रामक तरीके से हरित भवन के प्रति जागरूकता पैदा करने का काम कर रहे हैं। यह हमारे रियल एस्टेट क्षेत्र में शुद्ध-शून्य उत्सर्जन लक्ष्य के अनुरूप है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)