ताजा खबरें | माकपा सांसद ने राज्यसभा में उठाई सिलक्यारा सुरंग हादसे की जांच की मांग

नयी दिल्ली, चार दिसंबर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सदस्य पी वी शिवदासन ने सोमवार को राज्यसभा में उत्तराखंड की सिलक्यारा सुरंग के ढहने का मुद्दा उठाया और संबंधित कंपनी पर सुरक्षा उपायों को लागू नहीं करने का आरोप लगाते हुए इस प्रकरण की जांच की मांग की।

उत्तरकाशी सुरंग का एक हिस्सा 12 नवंबर को ढह गया था, जिसमें 41 मजदूर फंस गए थे।

एक बचाव दल ने 28 नवंबर को सभी फंसे हुए श्रमिकों को बाहर निकाला। वे लगभग 17 दिनों तक सुरग में फंसे रहे। उन्हें बचाने के लिए चलाए गए अभियान में केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों को शामिल किया गया था।

सदन में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए शिवदासन ने इस घटना को बहुत दर्दनाक बताया और सुरंग बनाने वाली कंपनी पर सभी सुरक्षा उपायों, नियमों और मानदंडों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘पारदर्शी और निष्पक्ष जांच बहुत जरूरी है।’’

उन्होंने कहा कि सिलक्यारा हादसा एकमात्र घटना नहीं है और इस तरह की घटनाएं क्षेत्र में पहले भी हो चुकी हैं।

भाजपा के अजय प्रताप सिंह ने कहा कि शिवदासन के इस घटना पर अपने विचार हो सकते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार गरीबों की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)