देश की खबरें | अदालत ने सतीशन को गोलवलकर से संबंधित बयान पर नोटिस जारी किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन को यहां की एक अदालत ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) द्वारा दर्ज कराये एक मामले में सोमवार को नोटिस जारी किया।

कन्नूर (केरल), 11 जुलाई केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन को यहां की एक अदालत ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) द्वारा दर्ज कराये एक मामले में सोमवार को नोटिस जारी किया।

संघ के विचारक एम एस गोलवलकर को लेकर सतीशन के कथित बयान के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था।

एक मुंसिफ अदालत ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता को नोटिस जारी कर 12 अगस्त को उसके समक्ष पेश होने का निर्देश दिया।

संघ पदाधिकारी के.के. बलराम ने मामला दर्ज कराया और आरोप लगाया कि सतीशन ने राज्य के पूर्व मंत्री साजी चेरियन के कथित संविधान विरोधी बयान वाले भाषण की तुलना गोलवलकर की पुस्तक ‘बंच ऑफ थॉट्स’ में लिखी सामग्री से की थी।

सतीशन ने संघ द्वारा जारी नोटिस को 9 जुलाई को खारिज करते हुए कहा था कि वह इस मामले में किसी भी कानूनी कार्रवाई का सामना करने को तैयार हैं।

उन्होंने कहा था, ‘‘मैंने पुस्तक के पृष्ठ संख्या का हवाला देते हुए बयान दिया था।’’

चेरियन ने अपने विवादास्पद बयानों को लेकर विपक्ष समेत अनेक वर्गों से आलोचना होने के बीच बुधवार को इस्तीफे की घोषणा की थी।

पूर्व मंत्री ने पथनमथिट्टा में हाल में एक राजनीतिक कार्यक्रम में आरोप लगाया था कि देश का संविधान ‘शोषण की अनदेखी’ करता है और इसे इस तरह लिखा गया है कि देश की जनता को ‘लूटने’ में मदद मिलती है। इस पर विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी और चेरियन को पिनराई विजयन नीत सरकार से तत्काल हटाने की मांग की थी।

सतीशन ने कहा था कि वह अपने इस बयान पर कायम हैं कि पूर्व मंत्री का संविधान के विरुद्ध दिया गया बयान आरएसएस विचारक गोलवलकर की लिखी एक पुस्तक से था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\