देश की खबरें | आधारभूत अवसंरचना की परियोजनाओं में ‘भ्रष्टाचार’ देश को तबाही की ओर ले जा रहा है: खरगे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार के शासनकाल में आधारभूत अवसंरचना की परियोजनाओं में ‘भ्रष्टाचार और लूट’ देश को तबाही की ओर ले जा रहा है।

नयी दिल्ली, 14 अगस्त कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार के शासनकाल में आधारभूत अवसंरचना की परियोजनाओं में ‘भ्रष्टाचार और लूट’ देश को तबाही की ओर ले जा रहा है।

उन्होंने नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षा की ‘द्वारका एक्प्रेसवे’ से संबंधित एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए सरकार पर निशाना साधा।

खरगे ने ‘एक्स’ (पूर्व नाम ट्विटर) पर पोस्ट किया, ‘‘भाजपा का भ्रष्टाचार और लूट देश को तबाही की ओर ले जा रहा है! मोदी सरकार के खिलाफ एक रिपोर्ट में कैग ने बताया है कि भारतमाला परियोजना में अनगिनत कमियां हैं, मापदंडों की अनुपालना नहीं हुई है, निविदा बोली प्रक्रिया का स्पष्ट उल्लंघन हुआ है, एवं धन का भारी कुप्रबंधन है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘इस परियोजना में धोखाधड़ी का एक ज्वलंत उदाहरण द्वारका एक्सप्रेसवे है। कैग ने खुलासा किया है कि इस परियोजना की लागत मूल रूप से 528.8 करोड़ रुपये अनुमानित की गई थी, लेकिन बाद में बढ़कर 7287.2 करोड़ रुपये हो गई - 1278 प्रतिशत की भारी वृद्धि !!’’

खरगे ने आरोप लगाया कि बिना किसी विस्तृत रिपोर्ट के द्वारका एक्सप्रेसवे का मूल्यांकन और अनुमोदन किया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘नियोजित टोल दरें परियोजना की पूंजीगत लागत की वसूली में बाधा बनेंगी और इसके परिणामस्वरूप यात्रियों पर अनुचित वित्तीय बोझ पड़ेगा।’’

खरगे ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी, अपने विरोधियों के खिलाफ भ्रष्टाचार का राग अलापने से पहले आपको अपने अंदर झांकने की जरूरत है, क्योंकि आपकी देखरेख में यह सब हो रहा है !! 2024 में, ‘इंडिया’ आपकी सरकार को जवाबदेह बनाएगा।’’

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\