देश की खबरें | कांग्रेस की 100 यूनिट मुफ्त बिजली योजना से नहीं बढे़गा मप्र पर कर्ज का बोझ : कमलनाथ

इंदौर, 18 मई मध्यप्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष कमलनाथ ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि सूबे की सत्ता में कांग्रेस की वापसी पर उपभोक्ताओं को 100 यूनिट बिजली मुफ्त देने की महत्वाकांक्षी योजना से राज्य के सरकारी खजाने पर कर्ज का बोझ नहीं बढ़ेगा।

कमलनाथ ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा कि इस योजना से सूबे पर कर्ज का बोझ नहीं बढ़ेगा "क्योंकि कांग्रेस के सत्ता में आने पर राज्य सरकार का वित्तीय प्रबंधन उम्दा रहेगा।"

उन्होंने दावा किया कि राज्य की मौजूदा भाजपा सरकार ने 3.30 लाख करोड़ रुपये का भारी-भरकम कर्ज ले रखा है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इस कर्ज को चुकाने के लिए राज्य सरकार को और ऋण लेना पड़ेगा। लेकिन इस कर्ज का उपयोग क्या हुआ? क्या इस कर्ज से पेंशनरों, आशा कार्यकर्ताओं, संविदा कर्मियों आदि को लाभ हुआ?’’

कमलनाथ ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने 3.30 लाख करोड़ रुपये के कर्ज का इस्तेमाल बड़े-बडे़ ठेके देने में किया। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे आपको समझाने की जरूरत नहीं है कि ये ठेके किन लोगों को दिए गए।’’

गौरतलब है कि कमलनाथ ने बृहस्पतिवार को ही ऐलान किया कि इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में यदि कांग्रेस प्रदेश में सत्ता में लौटेगी, तो उपभोक्ताओं को 100 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी और 200 यूनिट तक बिजली खपत का बिल मौजूदा दर के मुकाबले आधा किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)