देश की खबरें | कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधिकारी पर लगाया मारपीट का आरोप

पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर के कोतवाली थाने में शहर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) विकास कुमार और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच कथित हाथापाई के बाद आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने में हंगामा कर दिया।

बस्तर जिले की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने बताया कि कांग्रेस के सुशील मौर्य और महेश द्विवेदी ने ​आईपीएस अधिकारी विकास कुमार के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि कुमार ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।

पाल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाने के भीतर लगे सीसीटीवी फुटेज और मौके पर मौजूद गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सुशील मौर्य ने बताया कि वह कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता महेश द्विवेदी का फोन आने के बाद कोतवाली पहुंचे थे। महेश ने कुमार पर उन्हें लात मारने का आरोप लगाया।

मौर्य ने दावा किया, ''जब मैंने उनसे (विकास कुमार से) पूछा कि उन्होंने द्विवेदी को लात क्यों मारी तब उन्होंने (विकास कुमार ने) जवाब दिया कि गुटका खा के आया है।''

उन्होंने बताया कि पुलिस अधिकारी ने उनके साथ भी मारपीट और दुर्व्यवहार किया।

संवाददाताओं से बातचीत के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजीव शर्मा ने बताया कि उन्होंने घटना की जानकारी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को दे दी है। उन्हें पुलिस प्रशासन और संवैधानिक व्यवस्था पर भरोसा है।

शर्मा ने कहा कि वह और पार्टी के सदस्य मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

जब इस संबंध में पुलिस अधिकारी विकास कुमार से संपर्क किया गया तब उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)