देश की खबरें | सिलेंडरों के दाम घटाने पर कांग्रेस का तंज, कहा- कुर्सी से चिपके रहने के लिए अधिक बेचैन प्रधानमंत्री मोदी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने मंगलवार को दावा किया कि केंद्र सरकार की ओर से रसोई गैस की कीमतों में कटौती किया जाना कर्नाटक चुनावों में भाजपा की हार और दो “बेहद सफल” विपक्षी बैठकों का परिणाम है।

नयी दिल्ली, 29 अगस्त कांग्रेस ने मंगलवार को दावा किया कि केंद्र सरकार की ओर से रसोई गैस की कीमतों में कटौती किया जाना कर्नाटक चुनावों में भाजपा की हार और दो “बेहद सफल” विपक्षी बैठकों का परिणाम है।

पार्टी ने कहा कि लोगों को ऐसे और भी "उपहारों" की उम्मीद करनी चाहिए क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी "अपनी कुर्सी से चिपके रहने के लिए और अधिक बेचैन" हो गए हैं।

कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने कहा कि पांच राज्यों में चुनाव से तीन महीने पहले "भाजपा निश्चित हार की ओर देख रही है", और लोकसभा चुनावों से छह महीने पहले, भाजपा सचमुच तिनके का सहारा ले रही है।

रमेश ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “श्रीमान मोदी द्वारा एलपीजी की कीमतों में अचानक कटौती। अब क्यों, आप पूछ सकते हैं? ये है किस्सा 'डेमोकुर्सी' का।”

सरकार ने मंगलवार को घरेलू रसोई गैस की कीमतों में 200 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती की घोषणा की। इसे मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस द्वारा किए गए सस्ते एलपीजी के वादे का मुकाबला करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।

रमेश ने कहा कि भाजपा को कर्नाटक चुनाव में हार का सामना करना पड़ा, जहां एलपीजी की ऊंची कीमत मुख्य मुद्दों में से एक थी।

उन्होंने मुंबई में बृहस्पतिवार से शुरू होने वाली विपक्षी गठबंधन की बैठक का जिक्र करते हुए कहा, “दो महीने में ‘इंडिया’ की दो बेहद सफल बैठकें हुईं और दो दिन बाद तीसरी बैठक होने वाली है।”

रमेश ने कहा, “कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने 100 दिन में अपनी पांच गारंटी पूरी की हैं और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर दे रही है।”

उन्होंने कहा, “पांच राज्यों के चुनावों से तीन महीने पहले, जहां भाजपा निश्चित हार की ओर देख रही है, और लोकसभा चुनावों से छह महीने पहले, भाजपा सचमुच तिनके का सहारा ले रही है।”

कांग्रेस नेता ने कहा, “आने वाले महीनों में ऐसे और 'उपहारों' की उम्मीद है क्योंकि प्रधानमंत्री अपनी कुर्सी से चिपके रहने के लिए और भी अधिक बेचैन दिख रहे हैं।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\