देश की खबरें | कांग्रेस ने सेना के ‘अपमान’ पर मप्र के उपमुख्यमंत्री का इस्तीफा मांगा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा सेना के संदर्भ में दिए गए ‘‘अपमानजनक’’ बयान की निंदा करते हुए शुक्रवार को कहा कि उन्हें तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए।

नयी दिल्ली, 16 मई कांग्रेस ने मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा सेना के संदर्भ में दिए गए ‘‘अपमानजनक’’ बयान की निंदा करते हुए शुक्रवार को कहा कि उन्हें तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए।

दूसरी तरफ, देवड़ा ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया।

उपमुख्यमंत्री ने जबलपुर में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा था कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए देश, उसकी सेना और सैनिक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भाजपा के नेताओं की ओर से लगातार हमारी सेना का अपमान अत्यंत शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। पहले मध्यप्रदेश के एक मंत्री ने महिला सैनिकों पर अभद्र टिप्पणी की और अब उनके उपमुख्यमंत्री ने सेना का घोर अपमान किया है।’’

उन्होंने दावा किया कि पूरे देश की जनता सेना के शौर्य पर गौरवान्वित है, लेकिन भाजपा के लोग सेना को अपमानित कर रहे हैं और भाजपा अपने इन नेताओं पर कार्रवाई करने की जगह उन्हें बचाने में पूरा जोर लगा रही है।

प्रियंका गांधी ने सवाल किया कि भाजपा ऐसा करके देश की सेना और देशवासियों को क्या संदेश देना चाहती है?

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा से पहले राज्य सरकार के मंत्री विजय शाह ने जो घिनौनी बात कही है, उसे सुनकर पूरा देश स्तब्ध है। सेना और सैनिक किसी के चरणों में नतमस्तक हैं, ऐसी बात इस देश का कोई व्यक्ति कह ही नहीं सकता।’’

उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के बाद जिस सेना ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया और पाकिस्तान की रूह कंपा दी, उस सेना के लिए ऐसा कहना पाप है, लेकिन भाजपा और उनके नेता ये काम बार-बार कर रहे हैं।

रमेश ने कहा, ‘‘हमारी सेना के लिए पूरे देश में हर व्यक्ति के मन में सम्मान है और पूरा राष्ट्र कृतज्ञ है, क्योंकि सेना की वजह से ही हम सुरक्षित रह पाते हैं। सेना के लिए जिस व्यक्ति के मन में ऐसी दुर्भावना और गंदे विचार हैं, उसको किसी पद पर रहने का कोई हक नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि इस बार माफी मांगने से काम नहीं चलेगा और भाजपा मूक-दर्शक नहीं बनी रह सकती और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी चुप नहीं रह सकते।

सुप्रिया ने कहा, ‘‘अगर अगले कुछ घंटों में भाजपा जगदीश देवड़ा को बर्खास्त नहीं करती है, तो ये मान लिया जाएगा कि सेना को अपने चरणों में नतमस्तक करने की बात नरेन्द्र मोदी कह रहे हैं, उनकी मौन-सहमति और संरक्षण है।’’

भाजपा के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने कांग्रेस पर सनसनी फैलाने और झूठ का माहौल पैदा करने की कोशिश में देवड़ा के बयान को जानबूझकर तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान और कांग्रेस दोनों को हिलाकर रख दिया है। देवड़ा को इसलिए भी निशाना बनाया जा रहा है, क्योंकि वह दलित समुदाय से आते हैं और कांग्रेस इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रही है।’’

अपने इस बयान को लेकर विवाद पैदा होने के बाद देवड़ा ने इंदौर में ‘पीटीआई-’ से कहा,‘‘मेरा मन यह देखकर बड़ा आहत है कि मेरे बयान को गलत तरह से पेश किया जा रहा है। मेरे कहने का मतलब यह था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पराक्रम दिखाने वाली भारतीय सेना के चरणों में देश की जनता प्रणाम करती है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

India vs Zimbabwe, T20 World Cup 2026 48th Match Scorecard: चेन्नई में टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से दी करारी शिकस्त, सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार; यहां देखें IND बनाम ZIM मैच का स्कोरकार्ड

Australia Women vs India Women, 2nd ODI Key Players To Watch Out: ऑस्ट्रेलिया महिला बनाम भारत महिला के बीच दूसरे वनडे में इन स्टार खिलाड़ियों पर होगी सबकी निगाहें

Australia Women vs India Women, 2nd ODI Pitch Report: दूसरे वनडे में भारत महिला के बल्लेबाज दिखाएंगे दम या ऑस्ट्रेलिया महिला के गेंदबाज करेंगे कमाल? यहां जानें पिच रिपोर्ट

India vs Zimbabwe, T20 World Cup 2026 48th Match Scorecard: चेन्नई में टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे के सामने रखा 257 रनों का टारगेट, अभिषेक शर्मा ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

\