देश की खबरें | कांग्रेस ने सहनी के पिता की हत्या के बाद बिहार में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता की हत्या की निंदा करते हुए मंगलवार को राज्य में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए और कहा कि दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द और कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
नयी दिल्ली, 16 जुलाई कांग्रेस ने बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता की हत्या की निंदा करते हुए मंगलवार को राज्य में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए और कहा कि दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द और कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की बिहार के दरभंगा जिले में उनके पैतृक घर पर मंगलवार को कथित तौर पर चाकू मार कर हत्या कर दी गई।
दरभंगा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जगुनाथ रेड्डी ने संवाददाताओं को बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की एक टीम मौके पर पहुंच कर जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि जीतन सहनी के शरीर पर चाकू से वार के कई निशान हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘बिहार में विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक व राज्य के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी जी के पिताजी जीतन सहनी जी की निर्मम हत्या बेहद दुखद व निंदनीय है। हम उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। ईश्वर उनको यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम मांग करते हैं कि दोषियों के ख़िलाफ़ जल्द कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो और हमारे ‘इंडिया’ गठबंधन के साथी, सहनी जी को न्याय मिले।’’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक, बिहार के पूर्व मंत्री और ‘इंडिया’ गठबंधन के हमारे साथी मुकेश सहनी जी के पिता श्री जीतन सहनी जी की निर्मम हत्या का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मुकेश जी और उनके समस्त परिवार को अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और इस निंदनीय अपराध की कड़ी भर्त्सना करता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘बिहार सरकार से अपेक्षा है कि वो तुरंत कार्रवाई कर हत्यारों को कड़ी सज़ा दिलवाए और सहनी परिवार को न्याय दिलाए।’’
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी जी के पिता श्री जीतन सहनी जी की हत्या की घटना बेहद निंदनीय है। इस दुःख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं मुकेश सहनी जी एवं उनके परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह खौफनाक घटना दिखाती है कि बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और इस जंगलराज में कोई भी सुरक्षित नहीं है। दोषियों पर जल्द एवं सख्त से सख्त कार्रवाई हो।’’
हक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)