देश की खबरें | कांग्रेस को हिंदुत्व की अपनी प्रामाणिकता साबित करनी चाहिए: पाटिल

पुणे, 10 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख चंद्रकांत पाटिल ने रविवार को कहा कि कांग्रेस को हिंदुत्व की अपनी प्रामाणिकता को साबित करने के लिए यह घोषणा करनी चाहिए कि वह अनुच्छेद 370 को निरस्त करने का स्वागत करती है।

पाटिल 12 अप्रैल को होने वाले कोल्हापुर उत्तर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार सत्यजीत कदम के लिए प्रचार के बाद एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

कांग्रेस ने इस सीट के लिए पार्टी के दिवंगत विधायक चंद्रकांत जाधव की पत्नी जयश्री को मैदान में उतारा है और उन्हें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और शिवसेना का समर्थन प्राप्त है। राज्य सरकार में तीनों दलों की साझा सरकार है।

पाटिल ने कहा, ‘‘यह सीट (कोल्हापुर उत्तर) परंपरागत रूप से हिंदुत्ववादी ताकतों के पास रही है। अब यह कांग्रेस को दी गई है, जो हिंदुत्व में विश्वास नहीं करती है। अगर वे कोल्हापुर में हिंदुत्व को बनाए रखना चाहते हैं, तो कांग्रेस को घोषणा करनी चाहिए कि वह धारा 370 को हटाने का स्वागत करती है... अगर ऐसा करती है, तो वह हिंदुत्ववादी हो जाएगी।’’

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एवं शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के उस बयान का जिक्र करते हुए जिसमें उन्होंने लोगों से इस उपचुनाव में भगवा ताकतों का समर्थन करने के लिए कहा था, पाटिल ने कहा कि मुख्यमंत्री अप्रत्यक्ष रूप से मतदाताओं से भाजपा को वोट देने के लिए कह रहे थे।

राज्य के पूर्व मंत्री ने कहा, ‘‘ठाकरे ने कोल्हापुर में लोगों से भगवा ताकतों को वोट देने की अपील की है, इसलिए मतदाताओं को तय करना चाहिए कि भगवा का मतलब कांग्रेस है या भाजपा। मतदाता जानते हैं कि भगवा का मतलब कांग्रेस नहीं बल्कि भाजपा है। असल में ठाकरे अप्रत्यक्ष रूप से उनसे भाजपा को वोट देने के लिए कह रहे थे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)