देश की खबरें | कांग्रेस सांसद सुरेश ने कृषि विज्ञानी स्वामीनाथन को मरणोपरांत ‘भारत-रत्न’ दिए जाने की मांग की

नयी दिल्ली, चार दिसंबर कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने कृषि विज्ञानी एम. एस. स्वामीनाथन के निधन के बाद उनके प्रति उचित सम्मान नहीं दिखाने का केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्हें मरणोपरांत ‘भारत-रत्न’ से सम्मानित करने की मांग सोमवार को लोकसभा में उठाई।

सुरेश ने शून्यकाल में इस विषय को उठाते हुए दावा किया कि सितंबर महीने में प्रसिद्ध कृषि विज्ञानी स्वामीनाथन के निधन के बाद केंद्र सरकार ने उनके प्रति उचित सम्मान प्रदर्शित नहीं किया और चेन्नई में स्वामीनाथन के अंतिम संस्कार में केंद्र सरकार का कोई प्रतिनिधि उपस्थित नहीं था।

उन्होंने कहा कि देश में कृषि और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में स्वामीनाथन के व्यापक योगदान को देखते हुए उन्हें मरणोपरांत ‘भारत-रत्न’ सम्मान दिया जाना चाहिए।

सुरेश ने नए संसद भवन में स्वामीनाथन की आदमकद प्रतिमा लगाने और पुराने संसद भवन स्थित केंद्रीय कक्ष में उनकी ‘पोट्रेट’ लगाने की भी मांग सरकार से की।

कांग्रेस सदस्य ने कहा कि ‘भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद’ (आईसीएआर) का नाम बदलकर स्वामीनाथन के नाम पर किया जाना चाहिए।

स्वामीनाथन का गत 28 सितंबर को चेन्नई में निधन हो गया था।

सुरेश ने लोकसभा में उपस्थित केंद्रीय मंत्रियों अनुराग ठाकुर और स्मृति ईरानी का नाम लेकर उनका ध्यान इस मुद्दे पर आकर्षित करना चाहता।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस नेता बिना किसी तथ्य या जानकारी के उनके नाम का उल्लेख कर रहे हैं।

ईरानी ने कांग्रेस सांसद से कहा कि केवल इसलिए इतना द्वेष नहीं करें क्योंकि कल मतगणना के परिणामों में उनकी पार्टी को ‘अपमानजनक’ हार का सामना करना पड़ा है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि जब सदस्य इस मुद्दे को सदन में रख रहे हैं तो उचित मंत्री जवाब देंगे।’’

वैभव अविनाश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)