देश की खबरें | कांग्रेस सांसद राजीव सातव का निधन, विभिन्न नेताओं ने जताया शोक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता और राज्यसभा सदस्य राजीव सातव का कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त होने के बाद स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण रविवार को निधन हो गया। पार्टी के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

पुणे, 16 मई कांग्रेस नेता और राज्यसभा सदस्य राजीव सातव का कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त होने के बाद स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण रविवार को निधन हो गया। पार्टी के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सातव (46) का पिछले महीने कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद पुणे के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था और वह वेंटीलेटर पर थे।

कोविड-19 से उबरने के बाद वह साइटोमेगालो वायरस से संक्रमित पाए गए थे और उनकी हालत गंभीर हो गई थी।

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा, ‘‘वह कोविड-19 से उबर गए थे। वह कुछ इम्युनोसप्रेसैंट (शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को रोकने वाली) दवाएं ले रहे थे क्योंकि वह स्पॉन्डेलाइटिस से पीड़ित थे और चूंकि उनकी रोग प्रतिरोधक शक्ति कमजोर थी तो वह कोविड-19 की चपेट में आ गए। बाद में उन्हें एक बैक्टीरियल संक्रमण हो गया जिसके कारण उनके फेफड़ों में फाइब्रोसिस हो गया। डॉक्टरों की जी-जान से की कोशिशों के बावजूद उनकी इस संक्रमण से मौत हो गई।’’

सातव ने 22 अप्रैल को बताया था कि वह कोविड-19 से संक्रमित पाए गए है और अगले दिन उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘संसद के अपने मित्र श्री राजीव सातव जी के निधन से दुखी हूं। वह उभरते हुए नेता थे जिनमें काफी संभावनाएं थीं। उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ओम शांति।’’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उनके निधन पर दुख जताया और कहा कि यह उनके लिए बहुत बड़ी क्षति है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मैं अपने मित्र राजीव सातव के निधन से बहुत दुखी हूं। उनमें एक नेता के तौर पर असीम संभावनाएं थी और उन्होंने कांग्रेस के आदर्शों को आत्मसात कर लिया था। यह हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।’’

महाराष्ट्र के हिंगोली जिले से आने वाले सातव को पूर्व कांग्रेस प्रमुख राहुल गांधी का करीबी माना जाता था।

वह गुजरात में पार्टी के मामलों के प्रभारी थे जहां पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अच्छा मुकाबला किया था।

विभिन्न दलों के नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया।

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक हैंडल से ट्वीट किया, ‘‘हम राज्यसभा सदस्य और हमवतन श्री राजीव सातव के निधन से बहुत दुखी हैं। राष्ट्र के प्रति उनके अटूट समर्पण और सादगी से पार्टी का कामकाज चलाने को काफी याद किया जाएगा। उनके परिवार, मित्रों तथा समर्थकों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।’’

अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस ने अग्रिम मोर्चे के अपने योद्धा, कांग्रेस कार्यकारी समिति के सदस्य, सांसद और होनहार युवा नेता को खो दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस अपूरणीय क्षति से बहुत आहत हूं। पार्टी उनके अटूट समर्पण, जुड़ाव और अपार लोकप्रियता को हमेशा याद रखेगी।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा, ‘‘राजीव सातव के रूप में हमने अपना सबसे होनहार सहयोगी खो दिया। उनका दिल बेहद साफ था, वह ईमानदार, कांग्रेस के आदर्शों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध और भारत के लोगों के प्रति समर्पित थे। मेरे पास शब्द नहीं हैं, उनकी युवा पत्नी और बच्चों के लिए प्रार्थना करती हूं। ईश्वर उन्हें उनके बिना जीने की ताकत दें।’’

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि इस नुकसान से वह निशब्द हो गए हैं।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘आज एक ऐसा साथी खो दिया जिसने सार्वजनिक जीवन का पहला कदम युवा कांग्रेस में मेरे साथ रखा और आज तक मेरे साथ चले पर आज...राजीव सातव की सादगी, बेबाक मुस्कुराहट, जमीनी जुड़ाव, नेतृत्व और पार्टी से निष्ठा तथा दोस्ती सदा याद आएगी। अलविदा मेरे दोस्त। जहां रहो, चमकते रहो।’’

पार्टी नेता जयराम रमेश ने कहा, ‘‘मेरे युवा सहयोगी राजीव सातव का कोविड-19 संबंधी दिक्कतों के कारण निधन हो गया। वह युवा कांग्रेस के अध्यक्ष और साथ ही दोनों सदनों में सांसद रहे। वह एक ओजस्वी वक्ता थे और हमेशा अच्छी तैयारी करके आते थे। वह कांग्रेस के पुनरुद्धार के अभिन्न अंग थे। दुखद।’’

महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि सातव का निधन एक अपूरणीय क्षति है। राकांपा और शिवसेना ने भी उनके निधन पर दुख जताया।

राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि वह सातव के निधन से स्तब्ध हैं। पवार ने उन्हें एक अध्ययनशील और आक्रामक नेता बताया।

कांग्रेस की महाराष्ट्र ईकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा, ‘‘मैं निशब्द हूं और मुझे नहीं पता कि क्या कहूं। आज मेरे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए काला दिवस है।’’

महिला और बाल विकास मंत्री यशोमति ठाकुर ने कहा कि वह युवा और प्रतिभाशाली नेता थे, वह बहुत जल्दी चले गए। ठाकुर 2009 में सातव के साथ विधायक बनी थीं।

शिवसेना सांसद संजय राउत ने ट्वीट किया, ‘‘राजीव सातव...यह आपने क्या किया। राष्ट्रीय राजनीति में आपसे बहुत उम्मीदें थीं। आपका निधन बहुत ही दुखदायी है। मैं चार दिनों पहले आपके हावभाव को नहीं भूल सकता जब हमारी वीडियो कॉल के दौरान आपने बहुत तेजी से स्वस्थ होने का इरादा दिखाया था।’’

केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने ट्वीट किया, ‘‘श्री राजीव सातव के निधन से दुखी हूं। वह राज्यसभा के सक्रिय सदस्य थे। उनके परिवार एवं मित्रों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करती हूं।’’

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट किया, ‘‘संसद के मेरे सहयोगी श्री राजीव सातव जी के निधन से स्तब्ध और दुखी हूं। वह कांग्रेस पार्टी के युवा, उभरते सितारे थे। वह विनम्र और मुखर थे। उन्हें बहुत याद किया जाएगा। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ओम शांति।’’

अभिनेता रितेश देशमुख ने ट्वीट किया, ‘‘मैं निशब्द हो गया हूं और यह जानकर बहुत दुखी हूं कि राजीव सातव नहीं रहे। वह युवा और ऊर्जावान नेता थे जिनका राजनीतिक भविष्य उज्ज्वल था।’’

मायो क्लिनिक की वेबसाइट के अनुसार, साइटोमेगालो वायरस एक आम वायरस है जो रक्त, मूत्र, लार, स्तन के दूध, आंसुओं, वीर्य और योनि के तरल पदार्थ समेत शरीर के तरल पदार्थों के जरिए फैलता है।

जिन लोगों का प्रतिरक्षा तंत्र कमजोर होता है या जो एचआईवी से संक्रमित होते हैं उन्हें यह बीमारी होने की आशंका अधिक होती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

RCB vs KKR, IPL 2026 57th Match Stats And Preview: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स मुकाबले के बीच आज होगा रोमांचक मुकाबला, आज के मैच में बन सकते हैं ये अनोखे रिकॉर्ड

RCB vs KKR, IPL 2026 57th Match Toss Winner Prediction: शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें कौनसी टीम मार सकती हैं बाजी

Uttarakhand Announces ‘No Vehicle Day’: उत्तराखंड में ‘नो व्हीकल डे’ का ऐलान, सीएम काफिले में 50 फीसदी कटौती और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा

RCB vs KKR, IPL 2026 57th Match Key Players To Watch Out: आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच होगा हाईवोल्टेज मुकाबला, इन स्टार खिलाड़ियों पर रहेंगी सबकी निगाहें