देश की खबरें | असम में कांग्रेस के विधायक चुनाव के बाद पार्टी नहीं छोड़ेंगे : गहलोत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को जोर दिया कि कांग्रेस के विधायक विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी नहीं छोड़ेंगे क्योंकि राज्य की जनता ने पांच साल तक भाजपा नीत सरकार के ‘कुशासन’ को देख लिया है।
गुवाहाटी, 31 मार्च राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को जोर दिया कि कांग्रेस के विधायक विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी नहीं छोड़ेंगे क्योंकि राज्य की जनता ने पांच साल तक भाजपा नीत सरकार के ‘कुशासन’ को देख लिया है।
गहलोत ने एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि असम और पश्चिम बंगाल के चुनाव नतीजे भाजपा और उसकी फासीवादी विचारधारा को झटका देंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘आप जानते हैं कि राजस्थान में क्या हुआ। भगवान की कृपा से हम बच गए। भाजपा दुनिया की सबसे अमीर पार्टी बन गयी है। उन्होंने चुनावी बांड शुरू किया है और 90 प्रतिशत पैसा भाजपा को जा रहा है।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या चुनाव के बाद कांग्रेस अपने सभी विधायकों को साथ रखने में सफल रहेगी, गहलोत ने कहा कि उसके सभी निर्वाचित प्रतिनिधि पार्टी में ही रहेंगे क्योंकि राज्य के लोगों ने असम में भाजपा नीत सरकार के "कुशासन" को देख लिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने हाल के वर्षों में मणिपुर, गोवा, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में "धोखा" से सरकारें बनायी हैं।
गहलोत ने जोर दिया कि भाजपा चार राज्यों- असम, पश्चिम बंगाल, केरल और तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में से कहीं भी सरकार नहीं बना पाएगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सत्ता में नहीं आ पाएगी और कांग्रेस असम में सरकार बनाएगी।
गहलोत ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष द्वारा न्यायपालिका, सीबीआई, ईडी, आयकर और चुनाव आयोग जैसे स्वतंत्र निकायों पर अपने पक्ष में काम करने के लिए दबाव डाला जाता है और यह लोकतंत्र के लिए "खतरा" है।
उन्होंने कहा, “आरएसएस और भाजपा (नेतागण) सभी फासीवादी लोग हैं। वे सिर्फ लोकतंत्र का मुखौटा पहने हुए हैं। भाजपा का पूरी तरह से पर्दाफाश हो गया है और (प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी का (लोकप्रियता का) ग्राफ नीचे गिर रहा है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)