ताजा खबरें | कांग्रेस सदस्य ने रास में लगाया बीमा कंपनियों पर किसानों के साथ धोखा करने का आरोप
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना शुरू होने के पांच साल बाद भी किसानों को इसका समुचित लाभ नहीं मिल पाने का दावा करते हुए राज्यसभा में बुधवार को कांग्रेस के एक सदस्य ने बीमा कंपनियों पर किसानों के साथ धोखा करने का आरोप लगाया और सरकार से इस ओर ध्यान देने की मांग की।
नयी दिल्ली, तीन फरवरी प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना शुरू होने के पांच साल बाद भी किसानों को इसका समुचित लाभ नहीं मिल पाने का दावा करते हुए राज्यसभा में बुधवार को कांग्रेस के एक सदस्य ने बीमा कंपनियों पर किसानों के साथ धोखा करने का आरोप लगाया और सरकार से इस ओर ध्यान देने की मांग की।
उच्च सदन में शून्यकाल के दौरान कांग्रेस के राजामणि पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना 2016 में शुरू की गई थी। उन्होंने कहा ‘‘लेकिन कई किसानों को प्राकृतिक आपदा की वजह से फसल खराब होने के तीन चार साल बाद भी मुआवजा नहीं मिल पाया है। बीमा कंपनियां किसानों को धोखा दे रही हैं। किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।’’
पटेल ने कहा ‘‘किसानों को राहत देने के लिए शुरू की गई इस योजना का लाभ उन्हें ही नहीं मिल पाया, यह दुखद है।’’
उन्होंने मांग की कि किसानों के साथ धोखा करने वाली बीमा कंपनियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
शून्यकाल में ही बीजद के सस्मित पात्रा ने महिला आरक्षण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में खुद को साबित कर चुकी हैं लेकिन अपने अधिकारों से वे अब तक वंचित हैं।
पात्रा ने कहा ‘‘वास्तविक अर्थों में महिला सशक्तिकरण तब ही हो पाएगा जब राजनीति सहित हर क्षेत्र में महिलाओं को समुचित प्रतिनिधित्व मिलेगा।’’
बीजद सदस्य ने महिला आरक्षण विधेयक पारित किए जाने की भी मांग की।
राकांपा की डॉ फौजिया खान ने नौकरशाही से जुड़ा मुद्दा उठाते हुए शून्यकाल में कहा कि सरकार की नीतियों के कार्यान्वन में नौकरशाहों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा ‘‘लेकिन देखा गया है कि नौकरशाहों पर काम का बहुत अधिक दबाव होता है। इससे सीधे सरकार का कामकाज प्रभावित होता है।’’
उन्होंने भारतीय सिविल सेवाओं को विस्तार देने, इनकी पुन:संरचना करने, अधिक संख्या में नियुक्तियां करने और नौकरशाही व्यवस्था में और अधिक पारदर्शिता लाने की मांग की।
कांग्रेस के दिग्विजय सिंह ने राजनीतिज्ञों, पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं पर प्राथमिकी दर्ज किए जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा ‘‘इन मामलों में मात्र एक शिकायत पर राजद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया है। यह स्वतंत्र आवाज को दबाने की कोशिश है।’’
वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के पी सुभाष चंद्र बोस ने हथकरघा क्षेत्र की समस्याओं से जुड़ा मुद्दा उठाया वहीं इसी पार्टी के अयोध्या राम रेड्डी ने बुनियादी अवसंचरना से संबंधित मुद्दा उठाया।
मनीषा
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)