देश की खबरें | ‘भारत माता की जय’ नारा लगाने से ‘रोकने’ को लेकर कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा विवादों में, भाजपा बिफरी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश विधानसभा की सदस्य और राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की पर्यवेक्षक आराधना मिश्रा उस समय विवादों में घिर गईं जब उन्होंने यहां एक बैठक में पार्टी सदस्यों को ‘भारत माता की जय’ का नारा लगाने से कथित तौर पर रोका।

जयपुर, पांच सितंबर उत्तर प्रदेश विधानसभा की सदस्य और राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की पर्यवेक्षक आराधना मिश्रा उस समय विवादों में घिर गईं जब उन्होंने यहां एक बैठक में पार्टी सदस्यों को ‘भारत माता की जय’ का नारा लगाने से कथित तौर पर रोका।

भाजपा नेताओं ने आराधना मिश्रा के बयान की निंदा करते हुए कहा कि राष्ट्र का अपमान ही कांग्रेस का चरित्र है।

भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा ने मिश्रा के कथित कृत्य के खिलाफ बुधवार को विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन करने की घोषणा की है।

हालांकि, मिश्रा ने इस आरोप को खारिज करते हुए मंगलवार को कहा कि उन्होंने व्यक्ति विशेष के समर्थन में नारा लगाने से कार्यकर्ताओं को रोका था।

जयपुर के आदर्श नगर ब्लॉक की सोमवार को हुई एक बैठक के दौरान पार्टी पर्यवेक्षक आराधना मिश्रा और शहर पार्टी अध्यक्ष आर आर तिवारी के सामने आगामी विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दो गुटों के बीच तकरार हो गई थी।

हंगामे के बीच अलग-अलग गुट के नेताओं के समर्थन में नारेबाजी से मिश्रा नाराज हो गईं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि कोई भी व्यक्ति विशेष के पक्ष में नारे नहीं लगाएगा। इस पर कार्यकर्ता ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाने लगे।

मिश्रा ने हस्तक्षेप करते हुए कहा, ‘‘अगर आपको नारे लगाने का शौक है तो कांग्रेस जिंदाबाद के नारे लगाइए।’’

मिश्रा उत्तर प्रदेश के रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक हैं और पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी की पुत्री हैं।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया जिसमें कुछ कार्यकर्ता ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते तो कुछ हंगामा करते दिख रहे हैं।

विवाद पर सफाई देते हुए मिश्रा ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने कार्यकर्ताओं से केवल व्यक्ति विशेष के पक्ष में नारे नहीं लगाने को कहा था।

मिश्रा ने कहा, ‘‘एआईसीसी पर्यवेक्षक के रूप में मैंने कार्यकर्ताओं को किसी भी व्यक्ति के पक्ष में नारे लगाने से रोका था और कहा था कि केवल पार्टी के पक्ष में नारे लगाए जा सकते हैं। किसी भी बात को गलत तरीके से और मनगढ़ंत तरीके छाप देना .. मुझे लगता है कि यह बिल्कुल बेतुकी बात है। इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल स्वाभाविक है कि उम्मीदवारी के लिए आवेदन करते समय समर्थक ऐसी बैठकों में अपने नेताओं के पक्ष में नारे लगाते हैं।

कांग्रेस नेता के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सी पी जोशी ने कहा, ''कांग्रेस का डीएनए और सोच दोनों गड़बड़ हैं। इन्हें भारत माता की जय बोलने से एतराज है, लेकिन गांधी परिवार की गुलामी से नहीं।’’

जोशी ने एक्स (पूर्व में ट्वीट) में कहा ‘‘ इसलिए इनकी सोच राष्ट्रवादी नहीं बल्कि स्वार्थवापरक है ।इनके लिए सत्ता का मतलब धन कमाने का जरिया मात्र है।''

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा राष्ट्र का अपमान ही कांग्रेस का चरित्र है। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्वीट) में कहा " राहुल गांधी विदेशी धरती पर भारत का अपमान करते हैं और उनके नेता देश के भीतर ही भारत माता को अपमानित कर रहे हैं।"

राजसमंद की सांसद दीया कुमारी ने कहा कि देश का अपमान करना कांग्रेस की आदत बन चुकी है। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्वीट) में कहा, ‘‘जयपुर में भारत माता के जयकारे लगाने को कांग्रेस पर्यवेक्षक आराधना मिश्रा जी अनुशासनहीनता बता रही हैं। मैं, मेरा और अहंकार में डूबी घमंडिया कांग्रेस का असली चेहरा सामने आ चुका है। "

वहीं दूसरी ओर भाजयुमो के प्रदेशाध्यक्ष अंकित गुर्जर चेची ने एक बयान में कहा कि मोर्चा के कार्यकर्ता बुधवार को जयपुर में ‘स्टेच्यू सर्कल’ पर विरोध रैली और कांग्रेस का पुतला फूंककर बयान का विरोध प्रदर्शन करेंगे।

कांग्रेस प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने कहा कि एआईसीसी पर्यवेक्षक ने किसी को भारत माता की जय का नारा लगाने से नहीं रोका। प्रवक्त के अनुसार पर्यवेक्षक ने कार्यकर्ताओं से केवल इतना कहा था कि वे किसी व्यक्ति के पक्ष में नारे न लगाएं और अगर नारे लगाना ही है तो पार्टी के लिए लगाएं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now