देश की खबरें | कांग्रेस अब भी आतंकी पारिस्थितिकी तंत्र को संरक्षण दे रही: अय्यर पर भाजपा का पलटवार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को पहलगाम त्रासदी पर वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर तीखा पलटवार किया और उस पर ‘आतंकवादी पारिस्थितिकी तंत्र’ को बचाने और ‘पाकिस्तान के प्रति प्रेम’ दिखाने का आरोप लगाया।
नयी दिल्ली, 27 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को पहलगाम त्रासदी पर वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर तीखा पलटवार किया और उस पर ‘आतंकवादी पारिस्थितिकी तंत्र’ को बचाने और ‘पाकिस्तान के प्रति प्रेम’ दिखाने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर ने शनिवार को यहां एक पुस्तक विमोचन समारोह के दौरान आश्चर्य जताते हुए कहा था कि क्या 22 अप्रैल को बैसरन के हरे-भरे पर्यटक स्थल पर हुआ आतंकवादी हमला ‘विभाजन के अनसुलझे सवालों’ का नतीजा था।
भाजपा ने इसे कांग्रेस नेताओं और उनके परिजनों द्वारा की गई निंदनीय और अपमानजनक टिप्पणियों की श्रृंखला में नवीनतम माना।
भाजपा की तीखी टिप्पणियों पर कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
अय्यर की टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कांग्रेस का तुष्टीकरण पहलगाम आतंकी हमले पर भी जारी है! रॉबर्ट वाद्रा और सिद्धरमैया के बाद अब मणिशंकर अय्यर पाकिस्तान और आतंकवादियों को दोष देने से इनकार कर रहे हैं!’’
उन्होंने कहा, ‘‘26/11 के हमले के बाद से कांग्रेस में कुछ भी नहीं बदला है, वह अब भी आतंकी पारिस्थितिकी तंत्र की रक्षा कर रही है, अब भी पाकिस्तान के प्रति प्रेम दिखा रही है।’’
इससे पहले सिद्धरमैया ने ‘युद्ध के पक्ष में नहीं’ होने का बयान दिया था और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा के पति रॉबर्ट वाद्रा ने यह राय जाहिर की थी कि पहलगाम में गैर-मुसलमानों पर हमला किया गया क्योंकि आतंकवादियों को लगता है कि देश में मुसलमानों के साथ ‘दुर्व्यवहार’ किया जा रहा है। हालांकि, रॉबर्ट वाद्रा ने आतंकी हमले की निंदा की थी, लेकिन उन्हें सभी तरफ से आलोचना का सामना करना पड़ा।
भाजपा ने वाद्रा पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर आतंकवादियों की का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और उनसे माफी की मांग की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)