देश की खबरें | कांग्रेस ने महाराष्ट्र से राज्यसभा सीट के उपचुनाव में रजनी पाटिल को उम्मीदवार बनाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने महाराष्ट्र से राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव के लिए रजनी पाटिल को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
नयी दिल्ली, 20 सितंबर कांग्रेस ने महाराष्ट्र से राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव के लिए रजनी पाटिल को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से सोमवार को जारी एक बयान के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रजनी पाटिल की उम्मीदवारी को स्वीकृति प्रदान की।
रजनी पाटिल मौजूदा समय में जम्मू-कश्मीर के लिए कांग्रेस की प्रभारी हैं। वह 2013-18 के बीच राज्यसभा की सदस्य रह चुकी हैं। इसके अलावा वह 1996 से 1998 के दौरान बीड लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी हैं।
कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य राजीव सातव का इसी साल कोरोना वायरस के संक्रमण के बाद निधन हो गया था, जिस वजह से महाराष्ट्र से उच्च सदन की सीट के लिए चार अक्टूबर को उप चुनाव हो रहा है।
यह उपचुनाव चार अक्टूबर को तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, पुडुचेरी और मध्य प्रदेश से राज्यसभा की छह अन्य सीटों के साथ होगा। निर्वाचन आयोग ने इस महीने की शुरुआत में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा था कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान कोविड-19 संबंधी सभी व्यापक दिशानिर्देशों का पालन किया जाएगा।
महाराष्ट्र निवासी वासनिक इस सीट से कांग्रेस के टिकट के दावेदार थे। वासनिक उन 23 नेताओं के समूह में शामिल थे, जिन्होंने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर सभी पार्टी पदों के चुनाव और संगठनात्मक बदलाव की मांग की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)