देश की खबरें | कांग्रेस का महाधिवेशन शुरू, संचालन समिति की बैठक में होगा कार्यसमिति के चुनाव पर फैसला

रायपुर, 24 फरवरी कांग्रेस का तीन दिवसीय महाधिवेशन शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के रायपुर में शुरू हो गया जिसके पहले दिन पार्टी की संचालन समिति कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के आधे सदस्यों के चुनाव के संदर्भ में फैसला करेगी।

संचालन समिति की बैठक आज सुबह शुरू हुई और इसके साथ ही महाधिवेशन का आगाज हुआ। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी तथा महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा अभी नहीं पहुंचे हैं। ऐसे में उनके संचालन समिति की बैठक में शामिल होने की संभावना नहीं है।

सूत्रों का कहना है कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आज शाम अधिवेशन में भाग ले सकते हैं।

पार्टी के इस 85वें महाधिवेशन के पहले दिन ही कांग्रेस की विषय संबंधी समिति राजनीति, अर्थव्यस्था, अंतरराष्ट्रीय मामलों, कृषि, सामाजिक न्याय एवं युवा एवं शिक्षा पर प्रस्तावों पर विचार करेगी।

महाधिवेशन शुरू होने से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा था कि अगर संचालन समिति 24 फरवरी को अपनी बैठक में कांग्रेस कार्य समिति का चुनाव कराने का फैसला करती है तो चुनाव कराया जाएगा और इसके लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।

उन्होंने कहा था कि कांग्रेस एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां अध्यक्ष पद का भी चुनाव हुआ है, जबकि किसी दूसरी पार्टी के संगठन के पदों के लिए चुनाव नहीं होता।

कांग्रेस ने आधिकारिक रूप से यह टिप्पणी उस वक्त की जब कुछ दिन पहले ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने ‘पीटीआई-’ को दिए साक्षात्कार में कहा था कि सीडब्ल्यूसी के आधे सदस्यों का चुनाव होना चाहिए और पार्टी की इस शीर्ष नीति निर्धारक इकाई में नौजवानों को मौका मिलना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)