देश की खबरें | गुजरात में कांग्रेस चुनाव जीत सकती है:सिंह देव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के मंत्री टी. एस. सिंह देव ने बृहस्पतिवार को कहा कि गुजरात में कांग्रेस सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराकर आगामी विधानसभा चुनाव जीत सकती है।
अहमदाबाद, चार अगस्त छत्तीसगढ़ के मंत्री टी. एस. सिंह देव ने बृहस्पतिवार को कहा कि गुजरात में कांग्रेस सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराकर आगामी विधानसभा चुनाव जीत सकती है।
सिंह देव और पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा को गुजरात चुनावों के लिए कांग्रेस का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। राज्य में विधानसभा चुनाव दिसंबर में होने की उम्मीद है।
सिंह देव और देवड़ा ने यहां दिन में चुनाव की रणनीति तैयार करने के लिए राज्य के वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ बैठक की।
सिंह देव ने कहा, ‘‘यहां पहुंचने के बाद, मुझे एहसास हुआ कि गुजरात की वास्तविकता बाहरी लोगों के सामने पेश की जा रही तस्वीर से अलग है। लोग गुस्से में हैं। वे भी डर में जी रहे हैं। गुजरात के लोग अब तंग आ चुके हैं और सरकार बदलना चाहते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने देखा है कि कांग्रेस यहां चुनाव जीतने की स्थिति में है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि शराबबंदी के बावजूद गुजरात में हर साल 25,000 करोड़ रुपये की शराब बिकती है और यह भाजपा और उसकी सरकार के संरक्षण के बिना संभव नहीं है।
उन्होंने सवाल किया, ‘‘प्रवर्तन निदेशालय गुजरात में शराब और मादक पदार्थ माफिया के खिलाफ कभी छापेमारी क्यों नहीं करता?’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)