देश की खबरें | धारचूला में सड़क चौड़ीकरण में कंपनी सीमा से अधिक विस्फोटकों का उपयोग कर रही: कांग्रेस विधायक

पिथौरागढ़, 16 जनवरी उत्तराखंड के सीमांत धारचूला क्षेत्र में एक सड़क के चौड़ीकरण के लिए अनुमन्य सीमा से अधिक विस्फोटकों के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के स्थानीय विधायक हरीश धामी ने सोमवार को कहा कि वह धारचूला को 'दूसरा जोशीमठ' नहीं बनने देंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने पाया है कि बलुआकोट से तवाघाट तक 36 किलोमीटर लंबी सीमावर्ती सड़क का चौड़ीकरण कर रही कंपनी अनुमन्य सीमा से अधिक विस्फोटकों का प्रयोग कर रही है। अगर ऐसा होता रहा तो अति संवेदनशील एलधार भूस्खलन क्षेत्र सक्रिय हो जाएगा और धारचूला के निवासियों के लिए तबाही का कारण बन जाएगा।’’

उन्होंने कहा कि वह धारचूला को दूसरा जोशीमठ नहीं बनने देंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि कंपनी अनुमन्य सीमा से अधिक विस्फोटकों का प्रयोग न करे।

पिछले साल मानसून अवधि में एलधार में भारी भूस्खलन की वजह से आधा दर्जन से अधिक मकानों को नुकसान पहुंचा था, जबकि दो अन्य मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे।

हरीश धामी ने कहा कि भूस्खलन के कारण खड़ी बाजार और कुटियाल खेड़ा से हटाए गए लोग अब भी राहत शिविरों में ही रह रहे हैं।

विधायक ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात की है और हिलवेज कंस्ट्रक्शन्स कंपनी को सड़क चौड़ीकरण में विस्फोटकों का न्यूनतम प्रयोग करने का आदेश देने को कहा है।

सं दीप्ति दीप्ति

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)