देश की खबरें | उत्तर भारत में शीतलहर जारी, पंजाब में बस दुर्घटना में तीन पुलिसकर्मियों की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाये रहने के कारण पंजाब सहित कुछ स्थानों पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम हो गई। पंजाब में एक बस दुर्घटना में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई।

नयी दिल्ली, 27 जनवरी उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाये रहने के कारण पंजाब सहित कुछ स्थानों पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम हो गई। पंजाब में एक बस दुर्घटना में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले चार-पांच दिन उत्तर भारत में घना से अत्यंत घना कोहरा और ठंड से भीषण ठंड की स्थिति बने रहने का अनुमान जताया है।

उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी अगले पांच दिन तक शीत लहर जारी रहने का अनुमान है।

आईएमडी ने कहा कि बुधवार को उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से तीन डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2-5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा जबकि दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 6-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत से दो डिग्री कम है। बुधवार को लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली क्योंकि पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा था।

भारतीय रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली आने वाली 20 ट्रेन कोहरे के कारण पांच घंटे तक की देरी से पहुंचीं।

सुबह साढ़े पांच बजे पटियाला, अंबाला और बरेली में दृश्यता का स्तर 25 मीटर जबकि हिसार, चुरू और बहराइच में 50 मीटर और लखनऊ और पूर्णिया में 200 मीटर था।

दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे के पास पालम वेधशाला में दृश्यता केवल 200 मीटर थी।

चंडीगढ़ में मौसम विभाग की एक रिपोर्ट के अनुसार पंजाब के शहीद भगत सिंह (एसबीएस) नगर जिले के बल्लोवाल सौंखरी में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब के अन्य स्थानों में, अमृतसर में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि लुधियाना और पटियाला में तापमान क्रमशः 2.8 और 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री कम था।

पड़ोसी राज्य हरियाणा में करनाल सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री कम है।

पंजाब के होशियारपुर में कोहरे के कारण एक बस खड़े ट्रक से टकरा गई। इस घटना में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए।

बस 30 पुलिसकर्मियों को लेकर जालंधर में पंजाब सशस्त्र पुलिस संस्थान से गुरदासपुर जा रही थी लेकिन होशियारपुर से 54 किलोमीटर दूर मुकेरियां में सुबह करीब सात बजे बस दुर्घटना का शिकार हो गई।

राजस्थान में भीषण ठंड से कुछ राहत मिली क्योंकि बुधवार को राज्य के कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान थोड़ा बढ़ गया। 4.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ अलवर राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा।

ठंड और कोहरे के कारण कुछ हिस्सों में स्कूलों का संचालन प्रभावित हुआ। गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन ने कहा कि ठंड की स्थिति के कारण नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी स्कूलों में नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं 18 जनवरी से सुबह 10 बजे शुरू होंगी। नोएडा के सरकारी स्कूल आमतौर पर सर्दियों में सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक चलते हैं।

जम्मू-कश्मीर में भीषण शीत लहर से कुछ राहत मिली क्योंकि घाटी में अधिकांश स्थानों पर रात का तापमान बढ़ गया। श्रीनगर शहर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि गुलमर्ग में पारा गिरकर शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया।

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कोकेरनाग शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

SRH vs CSK, IPL 2026 27th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा सनराइजर्स हैदराबाद बनाम चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

GT vs KKR, IPL 2026 25th Match Scorecard: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुभमन गिल ने कोलकाता नाइट राइडर्स के उम्मीदों पर फेरा पानी, 5 विकेट से मिली करारी हार; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

SRH vs CSK, IPL 2026 27th Match Stats And Preview: टूर्नामेंट के 27वें मुकाबले में जीत की राह पर लौटना चाहेंगी सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपरकिंग्स, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू

RCB vs DC, IPL 2026 26th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम दिल्ली कैपिटल्स के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी