देश की खबरें | दिल्ली में सर्दी का सितम जारी, सप्ताहांत में फिर शीतलहर चलने के आसार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में सर्दी का सितम मंगलवार को भी जारी रहा। इस दौरान हिमालय से ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में चलीं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, तीन जनवरी दिल्ली में सर्दी का सितम मंगलवार को भी जारी रहा। इस दौरान हिमालय से ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में चलीं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

आईएमडी ने कहा कि लोधी रोड, पालम, जाफरपुर और मयूर विहार सहित राष्ट्रीय राजधानी में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे गिर गया।

राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में सुबह के दौरान हल्का कोहरा छाने की वजह से दृश्यता घट गई, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

सिंधु-गंगा के मैदानी क्षेत्र और देश के मध्य व पूर्वी हिस्सों के इलाकों में घना कोहरा छाने से रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ।

रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली आने वाली कम से कम 21 ट्रेन कोहरे के कारण डेढ़ से पांच घंटे तक विलंबित हुईं।

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में खराब मौसम के कारण सोमवार की रात पांच उड़ानों का मार्ग जयपुर की ओर परिवर्तित किया गया।

आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, “कोहरे और आंशिक रूप से बादल छाए रहने के कारण, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार में कड़ाके की ठंड रही। दिल्ली के कुछ हिस्सों और राजस्थान तथा मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में ‘शीत दिवस’ की स्थिति देखी गई।”

एक ‘शीत दिवस’ तब होता है जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस से कम या उसके बराबर होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस कम होता है। एक ‘गंभीर ठंडा दिन’ तब होता है, जब अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक कम होता है।

दिल्ली की सफदरजंग वेधशाला में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।

आईएमडी ने कहा कि अगले दो दिन तक मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। सप्ताहांत में एक बार फिर शीतलहर चलेगी और तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

मौसम विभाग ने कहा कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में ‘घना’ से ‘बहुत घना’ कोहरा और ‘शीत दिवस ’ की स्थिति जारी रहने की संभावना है। साथ ही कहा, “अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में शीतलहर की स्थिति जारी रहने की संभावना है। इसके बाद कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।”

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दृश्यता शून्य से 50 मीटर के बीच रहने पर ‘बेहद घना कोहरा’, 51 मीटर से 200 मीटर के बीच ‘घना कोहरा’, 201 मीटर से 500 मीटर के बीच ‘मध्यम कोहरा’ और 501 से 1,000 मीटर के बीच रहने पर ‘हल्का कोहरा’ माना जाता है।

आईएमडी के अनुसार, न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने पर शीत लहर की घोषणा की जाती है। शीतलहर की घोषणा तब भी की जाती है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो और सामान्य से 4.5 डिग्री कम हो।

न्यूनतम तापमान के दो डिग्री सेल्सियस रहने या सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस कम रहने पर ‘भीषण’ शीतलहर की घोषणा की जाती है।

दिल्ली में मंगलवार को 24 घंटे में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम चार बजे तक 385 दर्ज किया गया।

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने वायु प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी के मद्देनजर सोमवार को ‘ग्रेडेड रिस्पॉन्स ऐक्शन प्लान’ के तीसरे चरण के तहत पाबंदी लागू की थी। इसके तहत दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में गैर जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ के काम पर रोक है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

CSK vs PBKS, IPL 2026 7th Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से दी करारी शिकस्त, श्रेयस अय्यर ने खेली कप्तानी पारी; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

GT vs RR, IPL 2026 9th Match Stats And Preview: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स को हराकर अपनी विजयी रथ जारी रखना चाहेगी गुजरात टाइटंस, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू

Hardik Pandya IPL Stats Against DC: आईपीएल इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ कुछ ऐसा रहा हैं हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन, ऑलराउंडर के आकंड़ों पर एक नजर

Rohit Sharma IPL Stats Against DC: आईपीएल इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ कुछ ऐसा रहा हैं रोहित शर्मा का प्रदर्शन, ‘हिटमैन’ के आकंड़ों पर एक नजर