देश की खबरें | मणिपुर में हालात को लेकर सीटू, किसान तहरीक ने जम्मू में विरोध प्रदर्शन किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) और जम्मू कश्मीर किसान तहरीक ने हिंसा प्रभावित मणिपुर में शांति बहाल करने की मांग को लेकर यहां मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया।
जम्मू, 25 जुलाई सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) और जम्मू कश्मीर किसान तहरीक ने हिंसा प्रभावित मणिपुर में शांति बहाल करने की मांग को लेकर यहां मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया।
दोनों संगठनों के कार्यकर्ता यहां पनामा चौक इलाके स्थित संभागीय आयुक्त के कार्यालय के सामने इकट्ठा हुए और पूर्वोत्तर राज्य में हालात के प्रति केंद्र सरकार के रवैये के खिलाफ नारेबाजी की।
उन्होंने मणिपुर में गहराते संकट को हल करने के लिए हिंसा प्रभावित राज्य की वर्तमान सरकार को बर्खास्त करने और राज्य में राज्यपाल शासन लागू करने सहित तत्काल कार्रवाई की मांग की।
जम्मू कश्मीर किसान तहरीक के अध्यक्ष किशोर कुमार ने कहा, ''हम मणिपुर में राज्यपाल शासन लागू करने की मांग करते हैं। उन्हें (राज्यपाल) सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए।''
सीटू के महासचिव जगदीश शर्मा ने कहा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) की 'विभाजनकारी नीति' मणिपुर में हालात के लिए जिम्मेदार है।
शिवसेना डोगरा फ्रंट (एसएसडीएफ) ने भी मणिपुर में दो आदिवासी महिलाओं के यौन उत्पीड़न सहित हिंसक घटनाओं के खिलाफ यहां जुलूस निकाला।
एसएसडीएफ के अध्यक्ष अशोक गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शहर के रानी पार्क इलाके में एकत्रित हुए और मणिपुर में महिलाओं के साथ अत्याचार को खत्म करने की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)