देश की खबरें | चिरंजीवी, आर. माधवन और अन्य ने सुनीता विलियम्स की पृथ्वी पर वापसी की सराहना की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स के नौ महीने बाद अंतरिक्ष से पृथ्वी पर लौटने पर अभिनेता चिरंजीवी और आर. माधवन ने बुधवार को उनका स्वागत किया।

नयी दिल्ली, 19 मार्च नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स के नौ महीने बाद अंतरिक्ष से पृथ्वी पर लौटने पर अभिनेता चिरंजीवी और आर. माधवन ने बुधवार को उनका स्वागत किया।

विलियम्स और उनके साथी अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर नौ महीने अंतरिक्ष में रहने के बाद मंगलवार को पृथ्वी पर लौट आए।

अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर ‘स्पेसएक्स’ यान के अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से प्रस्थान करने के कुछ ही घंटे बाद उसे फ्लोरिडा पैनहैंडल के तेलाहासे जलक्षेत्र में उतारा गया।

चिरंजीवी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दोनों अंतरिक्ष यात्रियों की पृथ्वी पर वापसी को ‘ऐतिहासिक’ और ‘साहसिक’ बताया।

उन्होंने लिखा, ‘‘पृथ्वी पर आपका स्वागत है। सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर! ऐतिहासिक और साहसिक ‘घर’ वापसी। अंतरिक्ष में आठ दिनों के लिए गए और 286 दिनों के बाद वापस लौटे, पृथ्वी की 4577 बार परिक्रमा करने के बाद लौटे।’’

माधवन ने ‘स्पेसएक्स’ कैप्सूल रूपी यान से विलियम्स के बाहर आने का एक वीडियो साझा किया और कहा कि पूरी दुनिया की प्रार्थनाएं सुन ली गई हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी प्रिय सुनीता विलियम्स का धरती पर स्वागत है। हमारी प्रार्थनाएं स्वीकार हो गई हैं...आपको सुरक्षित और मुस्कुराते हुए देखना अद्भुत है।’’

अभिनेत्री एवं पूर्व विश्व सुंदरी मानुषी छिल्लर ने कहा कि वह हमेशा से विलियम्स जैसी महिलाओं की प्रशंसा करती रही हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ऐसे क्षण मानवता को परिभाषित करते हैं। ऐसे में जब हम अपने शोध और प्रौद्योगिकी को आगे बढ़ाने का प्रयास करते हैं, कठिन समय के दौरान हमारा संयम हमें परिभाषित करता है... आपका स्वागत है।’’

अभिनेत्री त्रिशा कृष्णन ने अपने ‘इंस्टाग्राम’ पर लिखा, ‘‘स्प्लैशडाउन।’’

अमेरिकी नौसेना की पूर्व कप्तान विलियम्स (59) का जन्म 19 सितंबर 1965 को यूक्लिड, ओहियो में हुआ था और उनके पिता दीपक पांड्या गुजरात के मेहसाणा जिले के झूलासण से थे, जबकि मां उर्सुलाइन बोनी पांड्या स्लोवेनिया से हैं।

यासिर अमित

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\