विदेश की खबरें | चीन ने भारत और पाकिस्तान से संयम बरतने की अपनी अपील दोहराई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. चीन ने मंगलवार को भारत और पाकिस्तान से संयम बरतने की अपनी अपील दोहराते हुए कहा कि उनका सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व क्षेत्र में शांति, स्थिरता और विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
बीजिंग, 29 अप्रैल चीन ने मंगलवार को भारत और पाकिस्तान से संयम बरतने की अपनी अपील दोहराते हुए कहा कि उनका सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व क्षेत्र में शांति, स्थिरता और विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने यहां प्रेस वार्ता में कहा कि भारत और पाकिस्तान, दोनों ही दक्षिण एशिया में महत्वपूर्ण देश हैं।
गुओ ने यह टिप्पणी पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने की पृष्ठभूमि में, नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर दोनों देशों के सैनिकों के बीच गोलीबारी के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए की।
पिछले सप्ताह मंगलवार को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे।
गुओ ने कहा, ‘‘क्षेत्र में शांति, स्थिरता और विकास के लिए उनका (भारत और पाकिस्तान) सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व महत्वपूर्ण है।’’
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के पड़ोसी के रूप में चीन दोनों पक्षों से संयम बरतने, बातचीत और परामर्श के माध्यम से मतभेदों को दूर करने तथा संयुक्त रूप से क्षेत्र को शांतिपूर्ण और स्थिर रखने का आह्वान करता है।
गुओ ने भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव पर, सोमवार को इसी तरह की टिप्पणी की थी और कहा कि वह दोनों पड़ोसियों के बीच मौजूदा तनाव को ‘‘घटाने’’ के सभी उपायों का स्वागत करते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत और पाकिस्तान के साझा पड़ोसी के रूप में चीन को उम्मीद है कि दोनों पक्ष संयम बरतेंगे, एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करेंगे, बातचीत और परामर्श के माध्यम से मतभेदों को दूर करेंगे और संयुक्त रूप से क्षेत्रीय शांति और स्थिरता बनाए रखेंगे।’’
चीन ने आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की, लेकिन दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव पर उसकी पहली प्रतिक्रिया उस वक्त आई, जब पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने रविवार को चीन के शीर्ष राजनयिक वांग यी को फोन किया और बीजिंग से समर्थन मांगा।
चीन के सरकारी अखबार ‘ग्लोबल टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, वांग ने डार के अनुरोध पर उनसे फोन पर बात की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)