देश की खबरें | रसोई गैस की कीमतों में कटौती पर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने मोदी का जताया आभार; बताया बहनों के लिए राखी का उपहार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार द्वारा घरेलू उपभोग वाली रसोई गैस की कीमतों में की गई कटौती के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार प्रकट किया और इसे रक्षाबंधन के अवसर पर उनकी ओर से महिलाओं को दिया गया उपहार बताया।

लखनऊ, 29 अगस्त उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार द्वारा घरेलू उपभोग वाली रसोई गैस की कीमतों में की गई कटौती के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार प्रकट किया और इसे रक्षाबंधन के अवसर पर उनकी ओर से महिलाओं को दिया गया उपहार बताया।

सरकार ने मंगलवार को महंगाई से लोगों को राहत देते हुए घरों में इस्तेमाल वाले रसोई गैस सिलेंडर (एलपीजी) के दाम 200 रुपये घटाने की घोषणा की।

योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (ट्विटर) पर पोस्ट किया,‘‘आमजन के जीवन को सुगम-सुखद बनाने हेतु अविराम गतिशील आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की अध्यक्षता में आज केंद्रीय कैबिनेट ने घरेलू गैस सिलेंडर के मूल्य को 200 रुपये सस्ता करने तथा 'प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना' के अंतर्गत 75 लाख नए गैस कनेक्शन प्रदान करने का अभिनंदनीय निर्णय लिया है।’’

उन्होंने कहा,‘‘ पीएम उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मार्च, 2023 में प्रदान की गई 200 रुपये की सब्सिडी के अलावा यह राहत अतिरिक्त होगी। इस प्रकार, लगभग 10.35 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थियों को 700 रुपये में गैस सिलेंडर प्राप्त होगा। करोड़ों माताओं-बहनों को स्नेह पर्व रक्षाबंधन का उपहार देने हेतु प्रदेश की मातृशक्ति की ओर से आपका हार्दिक आभार प्रधानमंत्री जी!’’

केंद्र सरकार ने मंगलवार को घरेलू रसोई गैस की कीमतों में 200 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती की घोषणा की।

वर्तमान में, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1,103 रुपये है लेकिन बुधवार से निर्णय लागू होने के बाद इसकी कीमत 903 रुपये होगी।

उज्ज्वला लाभार्थियों के लिए 200 रुपये प्रति सिलेंडर सब्सिडी के बाद कीमत 703 रुपये होगी।

जफर

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\