नयी दिल्ली, 24 फरवरी राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने भाजपा नेता बिरजू राम ताराम की हत्या की जांच के सिलसिले में सोमवार को छत्तीसगढ़ में भाकपा (माओवादी) से जुड़े संदिग्धों के छह ठिकानों पर तलाशी ली।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि महाराष्ट्र की सीमा से लगे राज्य के जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में छह स्थानों पर एनआईए के दलों ने व्यापक तलाशी ली, जिसमें संदिग्धों के परिसरों से मोबाइल फोन, लैपटॉप, प्रिंटर, हार्ड डिस्क, मेमोरी कार्ड और पेन ड्राइव के साथ-साथ अन्य आपत्तिजनक सामग्री/दस्तावेज जब्त किए गए।
इसमें कहा गया है कि प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन भाकपा (माओवादी) के समर्थकों और उससे जुड़े लोगों (ओजीडब्ल्यू) के आवासीय परिसरों की तलाशी ली गई।
एनआईए द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि समर्थकों/ओजीडब्ल्यू पर ताराम की नृशंस हत्या में शामिल भाकपा (माओवादी) के सशस्त्र कैडरों को शरण देने और रसद सहायता प्रदान करने का संदेह है।
अक्टूबर 2023 में जिले के नक्सल प्रभावित औंधी थाना क्षेत्र के सरखेड़ा गांव में आदिवासी ताराम की उनके घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
एनआईए ने 8 मार्च 2024 को मामले की जांच अपने हाथ में ली थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY