देश की खबरें | कच्चातिवु के पास मछली पकड़ने की अनुमति देने के लिए श्रीलंका से नया समझौता करे केंद्र : स्टालिन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कच्चातिवु के पास राज्य के मछुआरों को मछली पकड़ने में सुविधा प्रदान करने के लिए श्रीलंका के साथ एक नया समझौता करने की दिशा में कदम उठाने का आग्रह किया।
नागपट्टिनम (तमिलनाडु), तीन मार्च तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कच्चातिवु के पास राज्य के मछुआरों को मछली पकड़ने में सुविधा प्रदान करने के लिए श्रीलंका के साथ एक नया समझौता करने की दिशा में कदम उठाने का आग्रह किया।
स्टालिन ने यहां एक आधिकारिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीलंका द्वारा मछुआरों की गिरफ्तारी नागपट्टिनम जिले के सामने सबसे बड़ा मुद्दा है। उन्होंने हाल ही में रामेश्वरम के 32 मछुआरों की गिरफ्तारी और उनकी पांच मछली पकड़ने वाली नौकाएं जब्त किए जाने की ओर इशारा किया और कहा कि वह इस मामले को केंद्र के समक्ष उठा रहे हैं।
केंद्र की रिपोर्ट का हवाला देते हुए स्टालिन ने कहा कि 22 नवंबर, 2024 तक तमिलनाडु के मछुआरों पर श्रीलंकाई नौसेना द्वारा 736 बार हमला किया गया। स्टालिन ने जोर देकर कहा कि मछुआरों के मुद्दे का स्थायी समाधान खोजने की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है। उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा, ‘‘क्या वे ऐसा कर रहे हैं?’’ फिर खुद ही नहीं में जवाब दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘विदेश मंत्री एस जयशंकर के आश्वासन के बावजूद इस मुद्दे का समाधान खोजने के लिए कुछ भी होता नहीं दिख रहा है। समाधान के लिए केंद्र सरकार को तमिलनाडु के मछुआरों को भारतीय मछुआरों के रूप में देखना चाहिए। प्रधानमंत्री को सीधे खुद को शामिल करते हुए इस मुद्दे को हल करना चाहिए।’’
इसके अलावा, स्टालिन ने कहा कि श्रीलंकाई नौसेना द्वारा भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी का सिलसिला इस तरह जारी नहीं रह सकता और इसे समाप्त किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आपको हमारे मछुआरों के अधिकारों को बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठाने चाहिए।’’
उन्होंने मछुआरों के लिए बहुत कठोर, अनुचित दंड और नियमों का प्रावधान करने वाले श्रीलंकाई कानून (2018) को खत्म करने की वकालत की।
वर्ष 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पदभार संभाला था, तब से लेकर पिछले दस वर्षों के दौरान श्रीलंकाई नौसेना द्वारा तमिलनाडु के 3,656 मछुआरों को गिरफ्तार किया गया तथा 611 नौकाओं को जब्त किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)