देश की खबरें | दिल्ली पुलिस के कर्मी से 50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने शिकायत दर्ज कराई है कि एक दंपति ने स्वास्थ्य संबधी उत्पादों के व्यवसाय में निवेश करके भारी मुनाफा कमाने का झांसा देकर उनसे 50 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 29 अगस्त दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने शिकायत दर्ज कराई है कि एक दंपति ने स्वास्थ्य संबधी उत्पादों के व्यवसाय में निवेश करके भारी मुनाफा कमाने का झांसा देकर उनसे 50 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि दिल्ली जेल विभाग में सहायक अधीक्षक के पद पर तैनात दीपक शर्मा ‘बॉडीबिल्डिंग’ के प्रति अपने जुनून के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि 2021 में वह एक रियलिटी टीवी शो में दिखाई दिये थे जहां उनकी मुलाकात आरोपी रौनक गुलिया से हुई थी जो एक प्रतिभागी भी थी।

पुलिस ने बताया कि रियलिटी टीवी शो के दौरान, रौनक ने खुद को एक कलाकार के रूप में पेश किया और कहा कि उसके पति स्वास्थ्य संबंधी उत्पादों के क्षेत्र में एक प्रसिद्ध उद्यमी हैं।

पुलिस ने बताया कि पूर्वी दिल्ली के मधु विहार पुलिस थाने में दर्ज की गई प्राथमिकी में कहा गया है कि मई 2022 में, रौनक ने अपने एक स्वास्थ्य उत्पाद की शुरुआत के मौके पर शर्मा को अपने पति अंकित गुलिया से मिलवाया।

उसने कहा कि जनवरी में महिला ने शर्मा को बताया कि उसके पति का व्यवसाय आगे बढ़ रहा है और उन्हें भारी मुनाफा हो रहा है, लेकिन उन्हें और धन की आवश्यकता है ताकि वे कई ब्रांड बना सकें और अधिकतम लाभ कमाने के लिए अधिकतम केंद्र स्थापित कर सकें।

प्राथमिकी में कहा गया है कि रौनक ने पीड़ित को इस बात के लिए राजी किया कि यदि वह लगभग 50 लाख रुपये लगा सकते है तो उन्हें काफी मुनाफा होगा और घाटे में कोई हिस्सेदारी नहीं होगी।

इसमें कहा गया है कि शर्मा ने अंकित के खाते में 43 लाख रुपये और कई बार आठ लाख रुपये स्थानांतरित किए।

पुलिस ने बताया कि अप्रैल में, जब शर्मा ने दंपति को दिये गये पैसों के बारे में पूछा तो, तो उन्हें पता चला कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। इसके अलावा, शर्मा को यह भी पता चला कि इस दंपती ने कई लोगों के साथ इसी तरह की धोखाधड़ी की है।

पुलिस के अनुसार रौनक और अंकित फरार हैं और मामले की जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\