देश की खबरें | कलकत्ता उच्च न्यायालय महिला चिकित्सक के दुष्कर्म-हत्या मामले में जनहित याचिका पर सुनवाई करेगा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कलकत्ता उच्च न्यायालय आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में एक महिला चिकित्सक के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच का अनुरोध करने वाली जनहित याचिका पर मंगलवार को सुनवाई करेगा।
कोलकाता, 12 अगस्त कलकत्ता उच्च न्यायालय आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में एक महिला चिकित्सक के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच का अनुरोध करने वाली जनहित याचिका पर मंगलवार को सुनवाई करेगा।
उत्तर कोलकाता स्थित अस्पताल के सेमिनार हॉल से शुक्रवार को महिला चिकित्सक का शव मिला था। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलता है कि हत्या किए जाने से पहले उसका यौन उत्पीड़न किया गया था।
उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश टी. एस. शिवज्ञानम की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने सोमवार को निर्देश दिया कि इस याचिका की सुनवाई ऐसे ही अनुरोध वाली अन्य याचिकाओं के साथ मंगलवार को की जाएगी।
याचिकाकर्ता के वकील ने इस मामले की जांच कोलकाता पुलिस से लेकर सीबीआई को सौंपने का अनुरोध किया है।
वकील फिरोज एडुल्जी ने आरोप लगाया कि पुलिस की जांच में त्रुटि है और उन्होंने खंडपीठ से कहा कि वह मामले की सुनवाई के दौरान इस संबंध में अदालत में दलीलें पेश करेंगे। खंडपीठ में न्यायमूर्ति हिरण्मय भट्टाचार्य भी शामिल थे।
मामले की जांच कर रही कोलकाता पुलिस ने महिला चिकित्सक की हत्या के संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
एडुल्जी ने दावा किया कि घटना पर पर्दा डालने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि 2004 में ऐसी ही परिस्थितियों में एक लड़की के दुष्कर्म और हत्या के मामले में धनंजय चटर्जी नामक व्यक्ति को फांसी दी गयी थी और वह भी गरीब पृष्ठभूमि का था।
उन्होंने अदालत में कहा कि महिला चिकित्सक की मौत की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पीड़िता का नाम सार्वजनिक नहीं किया जा सकता, लेकिन इस मामले में ऐसा हुआ है। उन्होंने अदालत से सभी सोशल मीडिया मंचों से पीड़िता का नाम हटाने का आदेश देने का भी अनुरोध किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)