देश की खबरें | उत्तर प्रदेश की रिक्त 10 विधानसभा सीट में नौ पर उप चुनाव की घोषणा, एक सीट पर मामला अदालत में लंबित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत के निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश विधानसभा की रिक्त 10 सीट में से नौ के लिए उप चुनाव की मंगलवार को घोषणा कर दी लेकिन अदालत में मामला लंबित होने के कारण अयोध्या जिले की मिल्कीपुर सीट का कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया।
लखनऊ, 15 अक्टूबर भारत के निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश विधानसभा की रिक्त 10 सीट में से नौ के लिए उप चुनाव की मंगलवार को घोषणा कर दी लेकिन अदालत में मामला लंबित होने के कारण अयोध्या जिले की मिल्कीपुर सीट का कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया।
मिल्कीपुर सीट पर कार्यक्रम घोषित नहीं होने पर समाजवादी पार्टी (सपा) ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने मंगलवार को नयी दिल्ली में उत्तर प्रदेश विधानसभा की नौ सीट पर उपचुनाव के लिए कार्यक्रम की घोषणा की। आयोग ने राज्य की मिल्कीपुर सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा फिलहाल नहीं की है। कुमार ने इसके बारे में पूछे जाने पर कहा कि अदालत में मामला लंबित होने के चलते इस सीट पर उपचुनाव नहीं कराए जा रहे हैं।
सपा प्रमुख एवं मैनपुरी जिले के करहल क्षेत्र से विधायक अखिलेश यादव के कन्नौज, मुरादाबाद जिले के कुंदरकी क्षेत्र से सपा विधायक जियाउर्रहमान के संभल, आंबेडकरनगर जिले की कटेहरी विधानसभा सीट से विधायक लालजी वर्मा के आंबेडकरनगर, अयोध्या जिले की मिल्कीपुर सीट से सपा विधायक अवधेश प्रसाद के फैजाबाद (अयोध्या) से लोकसभा के सदस्य चुने जाने के बाद ये सीट रिक्त हो गई हैं। कानपुर की सीसामऊ सीट से विधायक इरफान सोलंकी को सजा सुनाये जाने की वजह यह सीट रिक्त घोषित है।
इसके अलावा बिजनौर जिले की मीरापुर सीट से राष्ट्रीय लोकदल के विधायक चंदन चौहान (बिजनौर), गाजियाबाद सदर से भाजपा विधायक अतुल गर्ग (गाजियाबाद)] अलीगढ़ जिले के खैर क्षेत्र से भाजपा विधायक अनूप वाल्मीकि (हाथरस), प्रयागराज के फूलपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक प्रवीण पटेल (फूलपुर), मिर्जापुर के मझवां क्षेत्र के निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) के विधायक विनोद कुमार बिंद (भदोही) के लोकसभा सदस्य चुने जाने के बाद से विधानसभा की ये सीट रिक्त हैं।
फैजाबाद लोकसभा सीट से अवधेश प्रसाद ने भारतीय जनता पार्टी के लल्लू सिंह को हरा जीत दर्ज की थी और सिंह को तीसरी बार जीतने से रोक दिया। चुनाव से पहले 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में श्री रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होने से पूरे देश की निगाहें इस सीट के चुनाव पर थीं।
निर्वाचन आयोग द्वारा अयोध्या जिले की मिल्कीपुर सीट का कार्यक्रम घोषित नहीं किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सपा प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने सवालिया निशान लगाया।
भदौरिया ने कहा, ‘‘जब नौ सीट पर चुनाव हो रहे हैं तो 10वीं मिल्कीपुर सीट पर क्यों चुनाव नहीं हो सकते हैं? राज्य सरकार ने निर्वाचन आयोग को क्या रिपोर्ट दी है? यह स्पष्ट किया जाना चाहिए।’’
वहीं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव ने ‘पीटीआई-’ से कहा कि 2022 विधानसभा चुनाव में मिल्कीपुर सीट से विजयी हुए सपा के अवधेश प्रसाद द्वारा दाखिल किए गए नामांकन में जिस व्यक्ति से नोटरी कराया था, उसका नोटरी का लाइसेंस पांच वर्ष पूर्व निरस्त हो चुका था। इस मामले में दो प्रत्याशियों गोरखनाथ और राममूर्ति ने अदालत में याचिका दाखिल की थी, जिसका अभी तक निस्तारण नहीं किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)