देश की खबरें | उप चुनाव : लक्ष्मीबाई की वेश-भूषा वाली लड़कियों की सिंधिया पर "अनर्गल" टिप्पणियां, मामला दर्ज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विधानसभा उपचुनावों की बेला में सोशल मीडिया पर एक विवादास्पद वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कांग्रेस के एक पूर्व नेता पर प्राथमिकी दर्ज की है। इस वीडियो में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की वेश-भूषा वाली पांच नाबालिग लड़कियां भाजपा के राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके परिवार के खिलाफ कथित तौर पर अनर्गल टिप्पणियां करती सुनाई पड़ रही हैं।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

इंदौर (मध्यप्रदेश), 29 अक्टूबर विधानसभा उपचुनावों की बेला में सोशल मीडिया पर एक विवादास्पद वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कांग्रेस के एक पूर्व नेता पर प्राथमिकी दर्ज की है। इस वीडियो में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की वेश-भूषा वाली पांच नाबालिग लड़कियां भाजपा के राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके परिवार के खिलाफ कथित तौर पर अनर्गल टिप्पणियां करती सुनाई पड़ रही हैं।

चंद्रावतीगंज पुलिस थाने के प्रभारी मोहन जाट ने बृहस्पतिवार को बताया कि जिले के सांवेर विधानसभा क्षेत्र के एक निर्वाचन अधिकारी की रिपोर्ट पर प्रकाश महावर और दो-तीन अज्ञात महिलाओं के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। यह मामला भारतीय दंड विधान की धारा 188 (किसी सरकारी अधिकारी का आदेश नहीं मानना) और धारा 171-एफ (चुनावों पर अनुचित प्रभाव डालने के लिए किसी व्यक्ति का भेष बनाना) के तहत बुधवार शाम दर्ज किया गया।

यह भी पढ़े | Eid-e-Milad Un Nabi 2020 Wishes: ईद-ए-मिलाद के मौके पर अपनों को भेजें ये आकर्षक हिंदी GIF Wishes, WhatsApp Stickers, Wallpapers.

उन्होंने बताया कि मामले से जुड़ा विवादास्पद घटनाक्रम तब सामने आया, जब सिंधिया इंदौर शहर से करीब 50 किलोमीटर दूर चंद्रावतीगंज कस्बे में मंगलवार को भाजपा की एक चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे थे। यह इलाका सांवेर विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है जहां तीन नवम्बर को उपचुनाव के तहत मतदान होना है।

थाना प्रभारी ने बताया कि महावर पर आरोप है कि वह लक्ष्मीबाई की वेश-भूषा वाली पांच नाबालिग लड़कियों को सिंधिया की सभा के दौरान चंद्रावतीगंज लेकर आए। इसके बाद एक अज्ञात प्रश्नकर्ता ने कस्बे की आम सड़क पर इन लड़कियों से भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में झांसी की रानी की शहादत के बारे में कैमरे पर सवाल पूछे।

यह भी पढ़े | Munger Firing Incident: बिहार के मुंगेर में फिर भड़की हिंसा, एसपी ऑफिस में तोड़फोड़, EC ने DM-SP को हटाया.

उन्होंने कहा कि इन सवालों के जवाब में लड़कियों ने पूर्व ग्वालियर राजघराने के वंशज ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके परिवार पर कथित रूप से अनर्गल टिप्पणियां कीं। इनसे सवाल-जवाब का वीडियो सोशल मीडिया पर भी डाला गया।

वायरल वीडियो में लक्ष्मीबाई की वेश-भूषा वाली पांचों नाबालिग लड़कियां एक अज्ञात प्रश्नकर्ता को उत्तर देती नजर आ रही हैं। इस दौरान लड़कियों ने अपने हाथों में खिलौना तलवारें और ढालें भी थाम रखी थीं।

इस बीच, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता उमेश शर्मा ने विवादास्पद वीडियो के पीछे कांग्रेस का हाथ होने का आरोप लगाते हुए बताया कि उन्होंने इस ऑडियो-विजुअल सामग्री के आधार पर निर्वाचन अधिकारी को उप चुनावों की आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत की थी।

उधर, महावर ने दावा किया कि वह मार्च के आखिर में राज्य में तत्कालीन कांग्रेस सरकार के सत्ता से हटने के बाद कांग्रेस को अलविदा कह चुके हैं। उन्होंने कहा, "मैं राजनीति छोड़कर इन दिनों यूट्यूब पर एक समाचार चैनल चला रहा हूं। मैं लक्ष्मीबाई की वेश-भूषा वाली लड़कियों को सिंधिया की सभा के दौरान चंद्रावतीगंज लेकर नहीं गया था।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\