देश की खबरें | बेलगावी में सीमा विवाद बढ़ने से कर्नाटक-महाराष्ट्र के बीच बस सेवाएं प्रभावित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पिछले दो दिन में बेलगावी में सीमा विवाद अचानक बढ़ने के बीच दोनों पक्षों की ओर से बस चालकों पर हमले के कारण कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
बेंगलुरु, 23 फरवरी पिछले दो दिन में बेलगावी में सीमा विवाद अचानक बढ़ने के बीच दोनों पक्षों की ओर से बस चालकों पर हमले के कारण कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
दशकों पुराना विवाद शुक्रवार को फिर से तब सामने आया जब बेलगावी के मरिहाल में एक बस चालक और संवाहक (कंडक्टर) को कथित तौर पर मराठी में बात न करने पर पीटा गया।
बस संवाहक द्वारा पुलिस में की गई शिकायत के अनुसार, एक लड़की ने मराठी में टिकट मांगा। जब उसने कहा कि उसे मराठी नहीं आती और उसने लड़की से कन्नड़ में बात करने को कहा, तो लड़की तथा उसके पुरुष मित्र ने उस पर हमला कर दिया।
मरिहाल में युवकों के एक समूह ने बस को रोका और संवाहक की पिटाई की।
बेलगावी के पुलिस आयुक्त यदा मार्टिन मारबानियांग ने संवाददाताओं को बताया कि पुलिस ने हमला करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है और लड़की की शिकायत पर संवाहक के खिलाफ भी नाबालिग लड़की से ‘अभद्र व्यवहार’ करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
जवाबी कार्रवाई करते हुए कुछ बदमाशों ने शनिवार को चित्रदुर्ग जिले के हिरियूर तालुक के गुइलल में महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के बस चालक भास्कर जाधव पर हमला कर दिया और उसका चेहरा काला कर दिया।
पुलिस ने कथित तौर पर अपराध में शामिल कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है।
घटना के बाद, महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कर्नाटक जाने वाली राज्य परिवहन बसों की सेवा रोकने का शनिवार को आदेश दिया।
सरनाईक ने कहा कि महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बेंगलुरु से मुंबई आ रही बस पर शुक्रवार रात कर्नाटक के चित्रदुर्ग में कन्नड़ समर्थक कार्यकर्ताओं ने हमला किया।
रविवार को कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की एक ‘अल्ट्रा लग्जरी’ बस पर ‘जय महाराष्ट्र’, ‘मराठी’ और ‘महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना’ जैसे नारे लिखकर उसे विकृत कर दिया गया।
इस घटना के बाद केएसआरटीसी ने भी महाराष्ट्र के लिए बस सेवाओं को कम कर दिया है।
उत्तर पश्चिम कर्नाटक सड़क परिवहन निगम (एनडब्ल्यूकेआरटीसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘हमने महाराष्ट्र जाने वाली बसों की संख्या फिलहाल सीमित कर दी है और स्थिति को सामान्य करने के लिए सभी एहतियात बरत रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)