सांबा/जम्मू, 25 जुलाई जम्मू के सांबा जिले में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर उच्च गुणवत्ता की चार किलोग्राम से अधिक हेरोइन की तस्करी की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी घुसपैठिये को मार गिराया । बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
बीएसएफ के उप महानिरीक्षक विजय थपलियाल ने बताया कि सोमवार देर रात रामगढ़ सीमा क्षेत्र में सतर्क जवानों ने मादक पदार्थों की तस्करी की एक बड़ी कोशिश को विफल कर दिया।
घटनास्थल के समीप पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि बीएसएफ के जवानों ने सोमवार रात करीब 10 बजकर 15 मिनट पर एक पाकिस्तानी तस्कर की संदिग्ध गतिविधियां देखीं और कार्रवाई की ।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ इसके बाद तलाशी में तस्कर का शव, मादक पदार्थों के चार पैकेट जो वजन में 4.340 किलोग्राम के थे और पाकिस्तानी मुद्रा में 330 रुपये बरामद किए गए।’’
उन्होंने बताया कि बीएसएफ अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पूरी तरह सतर्क है और घुसपैठ की कोशिश को विफल करने के लिए कड़ी निगरानी रख रही है।
अधिकारियों ने बताया कि जब्त की गई हेरोइन उच्च श्रेणी की है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 28 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
उन्होंने बताया कि घुसपैठिया एस एम पुरा पोस्ट के पास मादक पदार्थ के साथ घुसने की कोशिश कर रहा था। बार-बार चेतावनी के बाद ही वह नहीं रुका तो उस पर गोली चलायी गयी।
अधिकारियों ने बताया कि मृतक का शव सीमा बाड़ से पांच मीटर और अंतरराष्ट्रीय सीमा से 90 मीटर दूर बरामद किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा रही है क्योंकि इलाके में तलाशी अभी जारी है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव पुलिस को सौंपा जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY