देश की खबरें | कोटा में आत्महत्या करने वाले छात्र के भाई-बहन ने पढ़ाई छोड़कर घर लौटने का फैसला किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के कोटा में रविवार को आत्महत्या करने वाले राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के परीक्षार्थी आदर्श राज की बहन और रिश्ते के एक भाई ने अपनी पढ़ाई छोड़कर कर घर वापस जाने का फैसला किया है।

कोटा, 28 अगस्त राजस्थान के कोटा में रविवार को आत्महत्या करने वाले राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के परीक्षार्थी आदर्श राज की बहन और रिश्ते के एक भाई ने अपनी पढ़ाई छोड़कर कर घर वापस जाने का फैसला किया है।

राज के भाई ने कहा, “हम बचपन में साथ खेले, साथ पढ़ाई की...इस घटना के बाद हमारे लिए यहां रहना और पढ़ना कैसे संभव है।”

पुलिस ने सोमवार को कहा कि रविवार को आत्महत्या करने वाले दो छात्रों आदर्श राज और अविष्कार संभाजी कासले के शव उनके परिवार के सदस्यों को सौंप दिए गए हैं। सोमवार सुबह शव लेने कोटा पहुंचे राज के एक रिश्तेदार ने उसकी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं बताया।

उन्होंने सोमवार को यहां पत्रकारों से कहा, “वह (आदर्श राज) अपनी बहन और रिश्ते के भाई के साथ था, तब भी यह हो गया। भगवान की यही इच्छा थी।”

पुलिस ने कहा कि बिहार के रोहतास के निवासी राज (18) का शव सोमवार सुबह मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमॉर्टम किए जाने के बाद परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया।

विज्ञान नगर के क्षेत्राधिकारी धर्मवीर सिंह ने कहा कि इसी तरह महाराष्ट्र के लातूर जिले के अहमद नगर के रहने वाले कासले (17) का शव रविवार रात उसकी नानी को सौंप दिया गया।

पुलिस ने बताया कि कासले ने जवाहर नगर में स्थित अपने कोचिंग संस्थान की तीसरी मंजिल पर एक कमरे में परीक्षा देने के कुछ मिनट बाद छठी मंजिल से अपराह्न करीब सवा तीन बजे छलांग लगा दी।

पुलिस ने कहा कि कासले की मौत के करीब चार घंटे बाद राज ने शाम करीब सात बजे कुन्हाड़ी पुलिस थाने के अंतर्गत अपने किराए के फ्लैट में फांसी लगा ली।

पुलिस ने मामले की जांच के लिए दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 174 के तहत अप्राकृतिक मौत के अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\